बिग बॉस सीजन 20 की शुरुआत हो चुकी है. इस शो का 6 सितंबर को प्रीमियर हुआ था और इसमें कई सेलेब्स ने शिरकत की है. शो में टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस अरिश्फा खान ने भी एंट्री ली है, जो छोटी उम्र से ही टीवी इंडस्ट्री में काम कर रही हैं. इतना ही नहीं, वह अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी बन चुकी हैं और लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं. टीवी शोज में अपनी एक्टिंग से पॉपुलर हुईं अरिश्फा अब बिग बॉस में अपना जलवा बिखेरने वाली हैं. तो चलिए, एक नजर डालते हैं अरिश्फा के करियर पर और जानते हैं कि उन्होंने आखिर किन-किन शोज में काम किया है.
कौन हैं अरिश्फा खान?
अरिश्फा खान बिग बॉस 20 की सबसे कम उम्र की कंटेस्टेंट्स में से एक हैं. वह सिर्फ 23 साल की हैं. उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत सिर्फ 9 साल की उम्र में की थी. वह पहली बार 2012 में टीवी शो ‘छल-शह और मात’ में नजर आई थीं. इसके बाद वह स्टार प्लस के पॉपुलर शो ‘एक वीर की अरदास…वीरा’ में गुंजन के रोल में नजर आई थीं. इस शो से उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली थी. इसके बाद वह ‘जीनी और जूजू’, ‘उतरन’, ‘मेरी दुर्गा’, ‘पापा बाय चांस’ जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं.
म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं अरिश्फा
इसके अलावा, वह कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आ चुकी हैं. अरिश्फा ‘यारा 2’ और ‘तेरी बातें मुलाकाते’ जैसे गानों में भी नजर आ चुकी हैं.
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बनीं अरिश्फा
इन सबके अलावा, वह अब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन चुकी हैं.. वह अक्सर अपने सोशल मीडिया पर मेकअप से जुड़ा कंटेंट शेयर करती रहती हैं. अरिश्फा फैशन, ब्यूटी, ट्रैवल और एंटरटेनमेंट से जुड़ा अलग-अलग तरह का कंटेंट अपने फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं. वह अपने कंटेंट को लेकर लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 29 मिलियन फॉलोअर्स हैं.
मां के साथ शूटिंग सेट पर जाती थीं अरिश्फा
उनकी पर्सनल लाइफ की बात करें तो अरिश्फा एक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनकी मां का भी एक्टिंग की दुनिया से नाता रहा है. अरिश्फा की मां फिल्म इंडस्ट्री में स्टंटवुमन के तौर पर काम कर चुकी हैं. बचपन में अरिश्फा अक्सर अपनी मां के साथ शूटिंग सेट पर जाया करती थीं और वहीं से उनकी एक्टिंग में दिलचस्पी बढ़ी.
यह भी पढ़ें- ‘बिग बॉस 20’ में नजर आएंगी आकांक्षा चमोला? अफवाहों पर टीवी एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी