Chutney recipe: गर्मी आते ही बाजार में आम के ठेले सजे हुए दिख जाते हैं। आम खाने में बहुत ही टेस्टी लगते हैं, पके हुए मीठे-मीठे आम के अलावा कच्चे आम भी खाने का टेस्ट बढ़ा देते हैं। कच्चे आम से आप कई प्रकार की चीजें जैसे आम पन्ना, आम की लौंजी, आम की चटनी आदि बना सकते हैं। आज हम आपको कच्चे आम और लहसुन की चटनी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं। ये चटनी टेस्ट के साथ हेल्थ के लिए भी बहुत अच्छी होती है।
चिलचिलाती गर्मी में लू से बचने के लिए आप कच्चे आम की चटनी का सेवन कर सकते हैं। ये आपको लू से भी बचाती है और डिहाइड्रेशन से भी बचाती है। अगर आप भी गर्मी में हेल्दी रहना चाहते हैं तो झटपट बनाएं कच्चे आम और लहसुन की चटनी। आइए जानते हैं इसकी आसान सी रेसिपी। जो भी खाएगा आपकी तारीफ करे बिना रह नहीं पाएगा।
कच्चे आम और लहसुन की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामान
3-4 कच्चे आम
5 लहसुन की कलियां
4-5 हरी मिर्च
धनिया
पुदीने के पत्ते
नमक
कच्चे आम और लहसुन की चटनी बनाने की विधि
कच्चे आम और लहसुन की चटनी बनाने के लिए आप सबसे पहले कच्चे आम को अच्छे से धो लें।
इसके बाद इसे अच्छे से पोंछकर कच्चे आम को छील लें और मोटे टुकड़ों में काट लें।
अब आप लहसुन को छीलकर एक कटोरी में रख लें, और धनिया-पुदीना को भी साफ कर लें।
इसके बाद आप हरी मिर्च, धनिया और पुदीने के पत्तों को धो लें।
अब आप मिक्सी में लहसुन, धनिया, पुदीना ,हरी मिर्च, कच्चे आम डाल दें।
अब इसके साथ आप नमक और थोड़ा सा पानी डालकर इसे पीस लें।
इस बात का ध्यान रखें कि आप चटनी को ज्यादा पतला न पीसें। इससे चटनी का स्वाद कम हो जाएगा।
अगर आपके घर में सिलबट्टा है तो आप उसका भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसकी चटनी में और भी ज्यादा टेस्ट आता है।
आपकी कच्चा आम और लहसुन की खट्टी और चटपटी सी चटनी बनकर तैयार है।
अब आप इसे लंच या डिनर कभी भी खा सकते हैं। इसके अलावा आप इसे 1 हफ्ते के लिए फ्रिज में स्टोर भी कर सकते हैं।