बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ‘कांटे’, ‘जिंदा’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाले मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 59 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. इस बीच, उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है, जिसे उन्होंने निधन से करीब 10 दिन पहले शेयर किया था. इस पोस्ट में वह अपनी बेटी के साथ लेगो सेट बनाते हुए नजर आ रहे हैं. उनकी ये तस्वीरें अब फैंस को भावुक कर रही हैं.
बेटी संग बिताए पलों की झलक
संजय गुप्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे. उनकी आखिरी पोस्ट में उनके निजी जीवन की एक प्यारी सी झलक देखने को मिली. उन्होंने एक्टर पर अपनी बेटी डलिया के साथ लेगो बिल्डिंग सेट बनाते हुए तस्वीरें शेयर की थीं. तस्वीरों में दोनों मिलकर एक बड़ा लेगो सेट तैयार करते दिखाई दे रहे हैं.
तस्वीरों के साथ संजय ने लिखा था ये पोस्ट?
इन तस्वीरों के साथ संजय ने लिखा था, ‘मेरे डाइनिंग टेबल पर अब तक का सबसे बड़ा लेगो सेट बन रहा है. कमाल है!!!’ उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि उनकी यह पोस्ट कुछ ही दिनों बाद उनकी यादों से जुड़ जाएगी.
संजय के परिवार में कौन-कौन?
संजय गुप्ता की निजी जिंदगी की बात करें तो उनके परिवार में पत्नी अनुराधा गुप्ता और दो बच्चे शिवांश गुप्ता और डलिया गुप्ता हैं.
कैसे हुई संजय गुप्ता की मौत?
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता के निधन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घर पर सिर में चोट लगने के कारण संजय का निधन हो गया.
किसने शेयर की दुखद खबर?
अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर दुख जताते हुए उन्हें शानदार कहानीकार, जिंदादिल इंसान और जुनूनी फिल्ममेकर बताया. उन्होंने संजय को याद करते हुए कहा कि उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुकसान है. साथ ही, उन्होंने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं.
ऐसा रहा संजय गुप्ता का फिल्मी सफर
संजय गुप्ता ने 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने क्राइम, गैंगस्टर और मुंबई अंडरवर्ल्ड की कहानियों पर कई फिल्में बनाईं.
संजय का जाना परिवार-फैंस के लिए सदमा
‘कांटे’, ‘जिंदा’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड में खास पहचान दिलाई. अपने अलग अंदाज और दमदार कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता का यूं अचानक दुनिया से चले जाना उनके चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री के लिए गहरा सदमा है.