Sanjay Gupta Old Video: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे. उनका 30 अक्टूबर 2026 को निधन हो गया. उन्होंने 57 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. संजय गुप्ता के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. संजय गुप्ता ने बॉलीवुड को ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘कांटे’, ‘जिंदा’ और ‘काबिल’ जैसी एक से बढ़कर एक दमदार फिल्में दी हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि संजय गुप्ता की एक ऐसी भी फिल्म है, जिससे उन्हें बहुत ज्यादा उम्मीदें थीं. लेकिन उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, उसका नाम ‘मुंबई सागा’ है.
मैं ये दिखाना चाहता था…
दरअसल, निधन के बाद से संजय गुप्ता का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. संजय गुप्ता का ये वीडियो फिल्म ‘मुंबई सागा’ की रिलीज से पहले का है, जिसमें उन्होंने फिल्म को लेकर अपनी उम्मीदों और कास्ट के बारे में बात की थी. वीडियो में संजय गुप्ता कहते हैं, ‘इसका टाइटल ‘मुंबई सागा’ है. इसमें जॉन, इमरान, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, प्रतीक बब्बर, गुलशन ग्रोवर, अमोल गुप्ते, रोहित रॉय हैं. ऐसे कई शानदार एक्टर हैं और यह एक ऐसी कहानी है, जिसे मैं बहुत समय से बनाना चाहता था, जिसे शेयर करना और दिखाना चाहता था.’
बॉम्बे ‘मुंबई’ कैसे बना?
उन्होंने आगे कहा, ‘यह बॉम्बे की कहानी है कि कैसे बॉम्बे मुंबई बना, कैसे बॉम्बे का नजारा बदला, कैसे मिलें बंद हो गईं और उनकी जगह मॉल और बिल्डिंग बन गईं, तो उन मजदूरों का क्या हुआ? मिल मालिकों का अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन था और नेताओं और पुलिस के साथ भी सांठगांठ थी. तो, यह पावर प्ले, ये लोग और इन लोगों की वजह से बॉम्बे आज मुंबई है, जैसा हम इसे देखते हैं. तो यह कहानी उसी के बारे में है.’
डायरेक्टर का विजन
इसके बाद उन्होंने बदलते सिनेमा और डायरेक्टर के विजन के बारे में बताया. उन्होंने कहा, ‘अगर आप मेरी पिछली फिल्म ‘काबिल’ देखेंगे, तो आपको फर्क दिखेगा. यह बस समय के साथ चलने के बारे में है. एक फिल्ममेकर के तौर पर, आप लगातार एक स्पंज की तरह होते हैं. आपको एक स्पंज ही रहना होगा. आप लगातार यह समझते रहते हैं कि क्या नया है, क्या हो रहा है, लोगों को क्या पसंद है, फिल्म बनाने का तरीका कैसे बदल रहा है, परफॉर्मेंस कैसे बदल रही है. अब आप सिर्फ उस तरह की ड्रामाटिक लाइनें नहीं बोलते. यह जितना शांत होगा, उतना ही अच्छा होगा और यह सब. तो मुझे लगता है, आपको बस बदलते समय के साथ चलना होगा.’