Director Regrets Breaking Friendship With Sanjay Dutt: बॉलीवुड में सलमान खान और संजय दत्त ये दो ऐसे सुपरस्टार हैं, जो इंडस्ट्री में लोगों के साथ अपनी दोस्ती और दोस्तों के लिए अपने प्यार के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में फिल्ममेकर राजीव राय ने संजय दत्त के साथ अपनी दोस्ती और उसके टूटने की वजह के बारे में बताया. राजीव राय ने बताया कि अपने फैसले की वजह से उन्होंने संजय दत्त जैसा दोस्त खो दिया. उन्होंने ये भी कहा कि संजय दत्त उनसे अभी भी बात करते हैं, लेकिन अब उनके बीच पहले जैसा रिश्ता नहीं है. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर डायरेक्टर ने इस बारे में क्या कुछ कहा है.
क्यों टूटी राजीव राय और संजय दत्त की दोस्ती?
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में फिल्ममेकर राजीव राय ने संजय दत्त के साथ अपनी टूटी दोस्ती के बारे में खुलकर बात की. राजीव राय ने बताया कि उन्होंने साल 1985 में अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘युद्ध’ में संजय दत्त को रिप्लेस किया था. राजीव ने ये भी कहा कि उन्हें संजय को रिप्लेस करना पड़ा क्योंकि संजय उस समय अपनी पर्सनल परेशानियों से गुजर रहे थे. राजीव ने बताया कि उनके परिवार का दत्त परिवार के साथ बहुत करीबी रिश्ता था. उनके पिता गुलशन राय ने संजय की पहली फिल्म ‘रॉकी’ को फाइनेंस किया था. राजीव ने यह भी बताया कि उनके पिता और सुनील दत्त के बीच गहरी दोस्ती थी. फिल्म से संजय दत्त को रिप्लेस करने के बाद भी राजीव ने बताया कि उनके पिता गुलशन राय और सुनील दत्त की दोस्ती बरकरार रही. लेकिन इसके बाद उनकी और संजय की दोस्ती खराब हो गई.
डायरेक्टर को है पछतावा
राजीव राय ने कहा, ‘संजय दत्त उन दिनों एक पर्सनल प्रॉब्लम से गुजर रहे थे और इसलिए मैं उनके साथ ‘युद्ध’ पूरी नहीं कर पाया. हम अब ऊपर से दोस्त हैं, लेकिन अब कोई करीबी दोस्ती नहीं रही. उस घटना के बाद मैं शायद एक या दो बार उनके घर गया था. उससे पहले हमारी बहुत गहरी दोस्ती थी, जो टूट गई. मैं वह फैसला लेकर भी खुश नहीं था. कभी-कभी, जब मैं इसके बारे में सोचता हूं तो मुझे लगता है कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था.’
क्या था मामला?
राजीव ने आगे बताया कि संजय दत्त को फिल्म ‘युद्ध’ में जैकी श्रॉफ का रोल करना था. लेकिन जब वह फिल्म पूरी नहीं कर पाए, तो पूरी फिल्म को फिर से शूट करना पड़ा, जिसमें सिर्फ 20-30% शूट होना बाकी था. डायरेक्टर ने बताया कि अनिल कपूर को भी फिल्म में दोबारा लिया गया. इस फिल्म में जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर डबल रोल में थे. साथ ही टीना मुनीम, नूतन, डैनी डेन्जोंगपा और हेमा मालिनी जैसे एक्टर्स भी अहम किरदारों में थे.