Karwa Chauth 2026: करवा चौथ का त्योहार इस साल 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए व्रत रखती हैं. आम महिलाओं की तरह फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की अभिनेत्रियां भी इस त्योहार को खास अंदाज में मनाती हैं, लेकिन इस बार कुछ सेलिब्रिटी कपल्स के लिए करवा चौथ बेहद खास होने वाला है. दरअसल, कई सितारे शादी के बाद पहली बार यह त्योहार मनाएंगे. इस लिस्ट में रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा से लेकर नूपुर सेनन-स्टेबिन बेन तक शामिल हैं.

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा
साउथ सिनेमा के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को शादी की थी. राजस्थान के उदयपुर में हुई इस शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. कपल ने तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में निभाई थीं. दोनों की शादी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं. अब शादी के बाद उनका पहला करवा चौथ होगा, जिस पर फैंस की नजरें रहेंगी.

नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन ने इसी साल सिंगर स्टेबिन बेन के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की. दोनों ने जनवरी 2026 में उदयपुर में शादी की थी. उनकी शादी में क्रिश्चियन और हिंदू, दोनों परंपराओं का पालन किया गया. अब शादी के बाद पहला करवा चौथ इस कपल के लिए खास मौका होगा.

आकांक्षा रंजन कपूर और शरण शर्मा
एक्ट्रेस आकांक्षा रंजन कपूर और फिल्म डायरेक्टर शरण शर्मा ने 11 जुलाई को शादी की थी. दोनों ने मुंबई में अपने घर के गार्डन में परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए. खास बात यह थी कि उन्होंने शादी के लिए वही तारीख चुनी, जिस दिन चार साल पहले उनके रिश्ते की शुरुआत हुई थी. अब दोनों पहली बार करवा चौथ मनाएंगे.

कृतिका कामरा और गौरव कपूर
टीवी और ओटीटी की जानी-मानी अभिनेत्री कृतिका कामरा ने 11 मार्च को स्पोर्ट्स प्रेजेंटर गौरव कपूर से शादी की थी. दोनों ने मुंबई में सादगी से रजिस्टर्ड मैरिज की थी. इसके बाद दोस्तों के साथ जश्न भी मनाया, जिसमें कई जाने-माने सितारे शामिल हुए. अब शादी के बाद उनका पहला करवा चौथ होगा.

अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स
अभिनेता अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स भी इस साल पहली बार शादीशुदा कपल के तौर पर करवा चौथ मनाएंगे. दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 21 अगस्त को गोवा में अपनी शादी रजिस्टर कराई थी. कपल के दो बच्चे भी हैं. ऐसे में शादी के बाद उनका पहला करवा चौथ खास होने वाला है.
फैंस को कपल की फोटोज का इंतजार
अब देखना दिलचस्प होगा कि ये सेलिब्रिटी कपल्स अपना पहला करवा चौथ किस अंदाज में मनाते हैं और सोशल मीडिया पर अपने जश्न की झलक फैंस के साथ शेयर करते हैं या नहीं.