Who is Kushal Tanwar aka Gullu: पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस अपने नए सीजन के साथ लौट आया है. 6 सितम्बर 2026 को इस धमाकेदार शो का शानदार आगाज हुआ. इसके जरिए एक बार फिर सलमान खान ने अपनी वापसी की है. ‘बिग बॉस 20′ के प्रीमियर की शुरुआत सलमान खान ने अपनी धांसू परफॉरमेंस से की. इसके बाद एक-एक कर कंटेस्टेंट से दर्शकों को परिचित कराया. “बिग बॉस 20’ में इस बार कुल 16 कंटेस्टेंट्स शामिल हुए हैं. इसमें कुशाल तंवर का भी नाम शामिल है. कुशाल को गुल्लू के नाम से भी जाना जाता है. कुशाल तंवर यानी गुल्लू पहले भी कई रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं और खास बात तो ये है कि हर रियलिटी शो में उन्होंने जीत दर्ज की है. आइए कुशाल तंवर के बारे में जानते हैं.
कौन हैं कुशाल तंवर?
कुशाल तंवर (Kushal Tanwar) यानी ‘गुल्लू’ हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं. वो एक हिंदू गुज्जर परिवार से आते हैं. उनकी मां का नाम मुनेश तंवर है. गुल्लू ने अपनी मां के साथ Zee टीवी के कुकिंग शो ‘मां है ना’ में हाथ आजमाया था, जहां उन्होंने जीत भी दर्ज की. कुशाल तंवर के पिता खुद को मीडिया से दूर रखते हैं, हालांकि उन्होंने कुशाल के टीवी करियर को खूब सपोर्ट किया है. इसके अलावा कुशाल तंवर का एक भाई भी है.
रोडीज-स्प्लिट्सविला जीत चुके हैं कुशाल तंवर
करियर की बात करें तो कुशाल तंवर (Kushal Tanwar) यानी गुल्लू एक कंटेंट क्रिएटर हैं और पॉपुलर टेलीविजन स्टार हैं. उन्होंने MTV Roadies Double Cross में हिस्सा लिया था. शुरुआत में शो से बाहर होने के बाद उन्होंने वाइल्ड कार्ड के तौर पर वापसी की और आखिरकार रोडीज की ट्रॉफी अपने नाम की थी. इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी. इसके बाद कुशाल ने Splitsvilla X6: Pyaar Ya Paisa में हिस्सा लिया और कायरा के साथ मिलकर शो की ट्रॉफी जीती. कुशाल अपनी मां के साथ कुकिंग शो ‘मां है ना’ भी जीत चुके हैं.
बिग बॉस 20 में कुशाल तंवर
अब कुशाल ने Bigg Boss 20 के घर में कदम रख दिया है. प्रीमियर के दौरान सलमान खान ने भी उनकी लगातार रियलिटी शो जीतने की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें ‘Winner Material’ बताया. हालांकि अब ये देखना काफी खास होगा कि रोडीज और स्प्लिट्सविला के विनर गुल्लू Bigg Boss 20 की ट्रॉफी भी अपने नाम कर पाएंगे या नहीं?