Toxic OTT Release: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले खूब चर्चा में थी. वहीं सिनेमाघरों में उतरने के बाद इस फिल्म की खूब आलोचना हुई और फिल्म की कमाई तेजी से गिर गई. पहले दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म का कलेक्शन तेजी से गिरा और हालत ये हुई कि छठे दिन फिल्म की कमाई सिंगल डिजिट में पहुंच गई. मेकर्स को इस फिल्म से काफी उमीदें हालांकि रिलीज के बाद इन उमीदों पर पानी फिर गया. बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई.
टॉक्सिक की ओटीटी रिलीज पर लगा ग्रहण
सिनेमाघरों में रिलीज से पहले यश की फिल्म टॉक्सिक को लेकर दर्शकों के बीच भारी क्रेज देखने को मिल रहा था, वहीं अब फिल्म की ओटीटी स्ट्रीमिंग को लेकर बड़ा पेंच फंस गया है. दरअसल सिनेमाघरों में खराब प्रदर्शन की वजह ‘टॉक्सिक’ के डिजिटल राइट्स की कीमत अचानक धड़ाम से गिर गई है. एक तरफ जहां इसके डिजिटल राइट्स के लिए 200 करोड़ रुपये के ऑफर का अंदाजा लगाया जा रहा था, वहीं अब ये कीमत 30-40 करोड़ रुपये पर आ गई है.
ठुकरा दिया था 150 करोड़ का ऑफर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने से पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 ने मेकर्स को फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए 150 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था. हालांकि फिल्म मेकर्स और एक्टर यश को पूरा भरोसा था कि उनकी फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित होगी और उन्हें उम्मीद थी कि सफलता के बाद इसके राइट्स 200 करोड़ रुपये से भी ज्याद में बिकेंगे. इसी उम्मीद के चक्कर में मेकर्स ने शुरुआती प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और डील टाल दी थी.

‘टॉक्सिक’ को अब मिल रहा 30 करोड़ का ऑफर
26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के पहले दिन ‘टॉक्सिक’ ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया, लेकिन दूसरे दिन से फिल्म की कमाई तेजी से गिरती चली गई. फिल्म की लगातार खराब परफॉर्मेंस का सीधा असर फिल्म की डिजिटल वैल्यू पर पड़ा है. ऐसे में अब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स सभी भाषाओं के पोस्ट-थियेट्रिकल राइट्स के लिए मेकर्स को 30 करोड़ रुपये तक का ही ऑफर दे रहे हैं.
टॉक्सिक की कमाई
बात करें फिल्म की तो एक्शन और थ्रिल से भरपूर फिल्म ‘टॉक्सिक’ में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया लीड रोल में हैं. फिल्म को रिलीज हुए बॉक्स ऑफिस पर 12 दिनों का समय बीत चुका है. कमाई पर नजर डालें तो अबतक इस मूवी ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 245 करोड़ का बिजनेस किया है, जबकि दूसरी तरफ इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 338 करोड़ तक पहुंच पाया है. मूवी का बजट 500 करोड़ के आस-पास बताया जा रहा है.