---विज्ञापन---
‘मैं इस काबिल नहीं…’, भगवान राम नहीं बनना चाहते थे रणबीर कपूर, फिर ऐसे हुए राजी
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म रामायणम् को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है. वहीं हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था. जिसमें रणबीर कपूर के द्वारा निभाए जा रहे भगवान राम की झलक देखने को मिली है. इस टीजर को लोगों का मिक्स रिएक्शन मिला है. कुछ लोग इसकी खूब तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोगों को इसकी टीजर कुछ खास पसंद नहीं आया है.
इन सभी के बीच रणबीर कपूर ने हाल ही में खुलासा किया है कि वह कभी भी भगवान राम नहीं बनना चाहते थे. उन्होंने ये भी कहा कि वह खुद को इस काबिल नहीं मानते कि वह श्रीराम का रोल अदा कर सकें. हालांकि वह इस किरदार के लिए कैसे राजी हुए चलिए जानते हैं.
दरअसल, रणबीर कपूर ने हाल ही में Collider के साथ इंटरव्यू के दौरान रामायणम् में अपने किरदार को लेकर खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने उन्हें इसका ऑफर दिया था. हालांकि तब उनके पास कोई स्क्रिप्ट नहीं थी. रणबीर ने कहा, " जब नमित ने मुझे ये रोल ऑफर किया, तो उन्होंने मुझे स्क्रिप्ट नहीं सुनाई. उन्होंने बस इतना कहा कि सुनो, मैं ये फिल्म बना रहा हूं. भगवान राम का रोल निभाने के बारे में तुम्हारा क्या ख्याल है? और मैं उनकी बात सुनते ही डर गया और मेरा रिएक्शन था कि नहीं, मैं यह नहीं कर सकता. मैं इसके काबिल नहीं हूं. "
हालांकि रणबीर के इस रिजेक्शन के बाद नमित ने उनसे फिर बात की और रामायण को लेकर अपने नजरिए को समझाया. रणबीर ने बताया, " कुछ वक्त के बाद, नमित ने मुझे अपने विजन के बारे में बताया. फिर जब मैं नितेश सर से मिला और उन्होंने मुझे कहानी सुनाई, तो मैं खुद को भाग्यशाली मानता था कि मैं सही समय पर सही जगह पर था. मुझे अभी भी यकीन नहीं होता कि मैं भगवान राम का रोल निभा रहा हूं और यह शायद मेरी लाइफ और करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट है."
इसके अलावा रणबीर ने बताया कि वह शुरुआत में फिल्म को लेकर काफी डरे हुए थे. उन्होंने कहा, "अगर मैं शूटिंग से एक साल पहले के बारे में बात करूं तो वो वक्त ऐसा था जब मुझे घबराहट हो रही थी और तब मैं बहुत डरा हुआ था. लेकिन फिर जब फिल्म की शूटिंग शुरू होने में एक महीना बचा था, तो मैं खुद को लकी फील कर रहा था कि मुझे ये मौका मिला. यह भगवान राम का आशीर्वाद था कि मुझे ये रोल करने का मौका मिला. कोई भी उन्हें रिप्रेजेंट नहीं कर सकता, लेकिन मैंने खुद को उस रोल में पूरी तरह से ढाल लिया है.
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनने वाली रामायणम् दो पार्ट्स में बन रही है. जिसमें से फिल्म का पहला पार्ट इस दिवाली रिलीज होगा और दूसरा पार्ट साल 2027 की दीपावली पर रिलीज होगा. फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी. साथ ही यश रावण के रोल में. सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखाई देंगे.