Panchayat 5 Trailer Release Date: फुलेरा की राजनीति में अब असली खेल शुरू होने वाला है क्योंकि सत्ता की चाबी अब ‘बनराकस’ (Banrakas) के हाथ में आ चुकी है. प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘पंचायत सीजन 5’ (Panchayat Season 5) के मेकर्स ने रविवार को एक मजेदार प्रोमो वीडियो शेयर करते हुए ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है. इस नए वीडियो में नए प्रधान पति बने बनराकस फुलेरा को अमेरिका जैसा बनाने का दावा करते दिख रहे हैं. फैंस के लिए खुशखबरी यह है कि सीरीज का ट्रेलर सोमवार 23 नवंबर को रिलीज होने जा रहा है.
सोमवार 23 नवंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत 5’ का ट्रेलर
मेकर्स ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक नया प्रोमो वीडियो जारी करते हुए सीरीज के ट्रेलर रिलीज की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस ऐलान के मुताबिक आगामी सोमवार यानी 23 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर ‘पंचायत सीजन 5’ का ट्रेलर लॉन्च किया जाएगा.
सचिव जी की जगह ‘बनराकस’ ने संभाली प्रमोशन की कमान
इस बार सीरीज के प्रमोशन का अंदाज बिल्कुल बदला हुआ नजर आ रहा है क्योंकि प्रचार की जिम्मेदारी सचिव जी यानी जितेंद्र कुमार से लेकर नए प्रधान पति बनराकस यानी दुर्गेश कुमार को सौंप दी गई है. प्रोमो वीडियो में बनराकस अपने चिर-परिचित अंदाज में फुलेरा की काया पलट करने और गांव को अमेरिका जैसा विकसित बनाने का दावा करते दिखाई दे रहे हैं.
क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद बदल गए फुलेरा के समीकरण
सीजन 4 के अंत में फुलेरा ग्राम पंचायत के चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ था और बनराकस की पत्नी क्रांति देवी यानी सुनीता राजवर नई प्रधान चुनी गई थीं. अब नए सीजन में सत्ता मिलने के बाद बनराकस फुलेरा की रूपरेखा बदलने और नए सिरे से विकास करने की तैयारी में जुटे नजर आ रहे हैं.
Trailer date reveal kar diya Banrakas the Boss ne. Bol dijiye sabko 🔥 #PanchayatOnPrime, New Season, Dec 3 https://t.co/Ab9FwbutLR
— prime video IN (@PrimeVideoIN) November 22, 2026
पूर्व प्रधान बृज भूषण दुबे और मंजू देवी को दी सीधी चुनौती
नए प्रोमो वीडियो में बनराकस पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे दिख रहे हैं और यह दावा ठोंक रहे हैं कि जो काम पूर्व प्रधान मंजू देवी यानी नीना गुप्ता और उनके पति बृज भूषण दुबे की टीम नहीं कर पाई वह अब वह करके दिखाएंगे. हालांकि फुलेरा की तस्वीर सच में बदलेगी या नहीं यह तो सीरीज देखने के बाद ही साफ होगा.
3 दिसंबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी सीरीज
अब तक आए चारों सीजन से दर्शकों का दिल जीतने वाली इस लोकप्रिय वेब सीरीज के पांचवें सीजन की रिलीज डेट भी पहले ही घोषित की जा चुकी है. ट्रेलर के बाद फैंस का इंतजार ज्यादा लंबा नहीं होगा क्योंकि ‘पंचायत सीजन 5’ आगामी 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा.