Rise and Fall 2: अमेजन प्राइम वीडियो के सबसे मसालेदार रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ (Rise and Fall Season 2) का फिनाले अब बेहद करीब आ चुका है. शो के 37वें एपिसोड में ‘टिकट टू फिनाले’ को लेकर पेंटहाउस से बेसमेंट तक भयंकर गदर देखने को मिला. स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप जैसे बड़े नाम रेस से बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद अब टीवी के ‘रमन भल्ला’ यानी करण पटेल (Karan Patel) और पॉलिटिशियन शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) के बीच पहले फाइनलिस्ट की गद्दी कब्जाने की महाजंग छिड़ गई है.
फिनाले की रेस से बाहर हुए स्वरा भास्कर और गौतम गुलाटी
एपिसोड 37 में ‘टिकट टू फिनाले’ के टास्क के दौरान बड़ा उलटफेर देखने को मिला. पेंटहाउस के मजबूत दावेदार स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी, मनीष कश्यप और सोनम मलिक पहले फाइनलिस्ट बनने की इस रेस से बाहर हो गए हैं.
करण पटेल और शहजाद पूनावाला में पहला फाइनलिस्ट बनने की जंग
तमाम ट्विस्ट और टर्न्स के बाद अब ‘राइज एंड फॉल 2’ का पहला फाइनलिस्ट बनने का मौका टीवी स्टार करण पटेल और शहजाद पूनावाला के हाथ में है. दोनों के बीच शो का पहला ‘टिकट टू फिनाले’ हासिल करने की कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी.
टास्क में आएगा बड़ा ट्विस्ट, जसवंत और ऋषभ भिड़ेंगे
इस मुकाबले को और भी रोमांचक बनाने के लिए मेकर्स एक बड़ा ट्विस्ट लेकर आए हैं. करण पटेल और शहजाद सीधे खुद लड़ने के बजाय अपने प्रतिनिधियों से टास्क करवाएंगे. करण की तरफ से जसवंत बोपन्ना और शहजाद की तरफ से ऋषभ जायसवाल टास्क में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे.
शहजाद और करण पटेल के बीच बिगड़े समीकरण
शो जैसे-जैसे अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है, पेंटहाउस की दोस्ती दुश्मनी में तब्दील होती दिख रही है. करण पटेल और शहजाद पूनावाला के बीच रिश्ते में दरार आ चुकी है और दोनों ही साम-दाम-दंड-भेद लगाकर पहला फाइनलिस्ट बनना चाहते हैं.
रूलर्स और वर्कर्स के बीच सत्ता का असली गेम
बता दें कि वीरेंद्र सहवाग द्वारा होस्ट किया जा रहा यह शो पेंटहाउस के ‘रूलर्स’ और बेसमेंट के ‘वर्कर्स’ के बीच लग्जरी और सत्ता की लड़ाई पर आधारित है. बेसमेंट से उठकर आए कंटेस्टेंट्स अब पेंटहाउस के सदस्यों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं.