मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर टीवी सीरीज ‘ऑल माई चिल्ड्रन’ में नजर आए अभिनेता एलन डायसर्ट का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है. अभिनेता की पत्नी मिशेल ने उनके निधन की दुखद खबर फैंस के साथ शेयर की. एलन लंबे समय से एक दुर्लभ और गंभीर कैंसर से जूझ रहे थे. उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में कभी खुलकर बात नहीं की, लेकिन उनकी ऑटोबायोग्राफी में कैंसर के साथ उनकी लंबी लड़ाई का जिक्र मिलता है.
पत्नी मिशेल ने दी निधन की जानकारी
एलन डायसर्ट का निधन शुक्रवार, 23 अक्टूबर को हुआ. उनके फेसबुक पेज पर जारी बयान में पत्नी मिशेल ने बताया कि पिछले कुछ सालों में अभिनेता को कई हेल्थ इश्यूज का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खूबसूरती के साथ जिंदगी जीते रहे.

पत्नी मिशेल ने भावुक होकर कही ये बातें
मिशेल ने भावुक स्वर में कहा कि एलन ने उस जिंदगी के लिए आखिरी तक संघर्ष किया, जिससे वह बेहद प्यार करते थे. उन्होंने अपने पति के साथ बिताए समय को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सौभाग्य बताया. मिशेल के मुताबिक, एलन का मानना था कि जिंदगी एक रोमांच है और कल क्या होगा, इसकी कोई गारंटी नहीं है. उनके लिए असली दौलत फिजिकल चीजें नहीं, बल्कि रिश्ते और जिंदगी के खूबसूरत अनुभव थे.
12 साल तक कैंसर से लड़ी जंग
एलन डायसर्ट ने साल 2023 में अपनी ऑटोबायोग्राफी ‘लाइट्स, कैमरा कैंसर!’ में बीमारी से जुड़ा अनुभव शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि वह एक रेयर, अग्रेसिव और लाइलाज कैंसर से लड़ रहे थे. हालांकि, उन्होंने कैंसर को लेकर ज्याजा डीटेल में कुछ नहीं कहा.
इलाज के दौरान कई बार कीमो से गुजरे
अभिनेता को इलाज के दौरान कई बार कीमोथेरेपी से गुजरना पड़ा, क्योंकि कैंसर बार-बार लौट आता था. उनकी किताब के मुताबिक, 12 साल के दौरान उनके 29 CT स्कैन किए गए और उन्हें कम से कम चार सर्जरी भी करवानी पड़ी. इतनी मुश्किलों के बावजूद उन्होंने अभिनय, पढ़ाने और कंटेंट बनाने का काम जारी रखा.

टीवी से एक्टिंग कोच तक ऐसा रहा सफर
एलन डायसर्ट का जन्म और पालन-पोषण अमेरिका के इलिनोइस में हुआ था. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस से टेलीविजन आर्ट्स की पढ़ाई की. करियर की शुरुआत में उन्होंने रियल एस्टेट में काम किया, लेकिन अभिनय और स्टैंडअप कॉमेडी के प्रति उनका लगाव बना रहा. साल 1978 में उन्होंने टीवी शो ‘सोप’ से टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा. इसके अलावा वह ‘टू वीक्स’ और ‘द ग्रिफ्ट’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए.
परिवार, फैंस और दोस्तों में शोक की लहर
बाद में एलन नैशविले में एक फेमस एक्टिंग कोच बने और अपने जीवन के आखिरी सालों तक लोगों को अभिनय सिखाते रहे. उनके परिवार में पत्नी मिशेल और दो बेटे, कोडी और कूपर हैं. अभिनेता के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है.