Saqib Ayub: फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं, जो अपनी नेचुरल एक्टिंग से हर बार दर्शकों का दिल जीत लेते हैं. मशहूर एक्टर साकिब अयूब उन्हीं में से एक हैं. साकिब को हमने अमिताभ बच्चन और आमिर खान के साथ फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में देखा था. वहीं प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘फर्जी’ (Farzi) में अपने किरदार ‘अनीस’ से साकिब अयूब को घर-घर पहचान मिली. इस सीरीज के बाद उनकी किस्मत ही चमक गई. E24 से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी मोस्ट अवेटेड प्रोजेक्ट के बार में और अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातों को बताया.
मुंबई में जन्मे और पले-बढ़े साकिब मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखते हैं. बाकी कलाकारों की तरह साकिब अयूब का भी सफर संघर्षों से शुरू हुआ, लेकिन साकिब ने कभी हार नहीं मानी और यही कारण है कि आज उन्हें इंडस्ट्री के मशहूर कलाकारों में एक माना जाता है. E24 से एक्सक्लूसिव बात करते हुए साकिब कहते हैं कि वो अपने काम के लिए समर्पित हैं. खुद से ज्यादा साकिब अपने डायरेक्टर और स्क्रिप्ट राइटर को महत्त्व देते हैं. साकिब का कहना है कि डायरेक्टर की सोच पर खरा उतरना ही असली एक्टिंग है, जिसे वो बड़ी ईमानदारी से निभाते हैं.
वेब सीरीज ‘फर्जी’ से बदली किस्मत
साकिब साल 2024 में आई ‘सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव’ (Superboys of Malegaon) में भी नजर आ चुके हैं. इस फिल्म का प्रीमियर 2024 के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था. साकिब का कहना है कि साल 2023 में आई सीरीज ‘फर्जी’ (Farzi) ने उनकी किस्मत बदल दी. ‘फर्जी’ की सफलता के बाद लोग उन्हें फैंस ‘अनीस भाई’ के नाम से भी पहचानने लगे हैं. वहीं शी (She) और अनदेखी (Undekhi) जैसी वेब सीरीज में भी साकिब ने शानदार कमा किया.

सपनों को मिली उड़ान
फिल्मी दुनिया में अपने सफर को लेकर साकिब ने खुलासा किया कि कई बार ऐसा हुआ जब उनसे मौके छीन लिए गए, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार खुद पर काम करते रहे. साकिब कहते हैं कि देखे हुए सपने अब पूरे हो रहे हैं. उनके मुताबिक हर किसी का अपना-अपना सफर होता है. शुरुआत में हौसले से लड़ना होता है. प्राइम वीडियो की सीरीज ‘फर्जी’ की सफलता से साकिब का हौसला बढ़ा और फिर उन्होंने कभी मुड़कर नहीं देखा.
‘फर्जी 2’ को लेकर साकिब ने किया खुलासा
बातचीत के दौरान साकिब अयूब ने अपने नए प्रोजेक्ट्स को लेकर भी खुलासा किया. आने वाले दिनों में साकिब सारेगामा की एक फिल्म की भी तैयारी कर रहे हैं. इसके साथ ही वो पूरव झा के साथ प्राइम वीडियो की सीरीज ‘कारनामे बदला गियर पलटी किस्मत’ में नजर आएंगे. साकिब ने ‘फर्जी 2’ को लेकर कहा कि इस बार काफी कुछ नया और खास देखने को मिलने वाला है. इस सीरीज में पुरानी कास्ट के साथ नए चेहरे भी नजर आएंगे. साकिब का कहना है कि ‘फर्जी 2’ में सबकुछ दोगुना होने वाला है. पिछले सीजन से कई ज्यादा नए सीजन में एक्शन और ड्रामा देखने को मिलेगा. इसमें साकिब को भी अच्छा स्क्रीनटाइम मिला है. ये सीरीज अगले साल 2027 में रिलीज होगी.

साकिब अयूब के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
इसके अलावा साकिब ने बताया कि वो मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ भी अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म ‘मारिया आईपीएस’ में साकिब शानदार किरदार में दिखेंगे. इस फिल्म में जॉन अब्राहम लीड रोल में होंगे. ये फिल्म मुख्य रूप से भारत के सबसे प्रतिष्ठित और निडर IPS अधिकारी, राकेश मारिया (Rakesh Maria) के जीवन और उनकी साहसी पुलिसिंग पर आधारित है. इसके साथ ही साकिब एक तेलुगु फिल्म में भी नजर आने वाले हैं.