Tuesday, 24 November, 2026

---विज्ञापन---

Back

बांग्लादेशी एक्टर सोहेल खान का निधन, होटल में अचानक गिरे थे अभिनेता, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम, सदमे में इंडस्ट्री

बांग्लादेश के बोगुरा शहर में अभिनेता सोहेल खान की अचानक मौत से फिल्म इंडस्ट्री शोक में है. बताया जा रहा है कि एक्टर एक फिल्म की शूटिंग के लिए जाने वाले थे, लेकिन तभी यह दुखद घटना घट गई.

Sohel Khan Death
बोगुरा के होटल में गिरकर अभिनेता सोहेल खान की मौत, Photo Credit- Social Media

शूटिंग के लिए तैयार होकर होटल के कमरे से निकल रहे अभिनेता सोहेल खान की अचानक मौत हो गई. मंगलवार सुबह बांग्लादेश के बोगुरा शहर में यह दुखद घटना हुई. बताया जा रहा है कि एक्टर एक फिल्म की शूटिंग के लिए जाने वाले थे, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े. उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. इस खबर ने फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है.

शूटिंग पर जाने से पहले अचानक गिरे एक्टर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहेल खान 19 नवंबर से बोगुरा के होटल ‘मोमो इन’ में ठहरे हुए थे. वह MD इकबाल के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘नसीब’ की शूटिंग कर रहे थे. मंगलवार सुबह उनकी शूटिंग लोकेशन पर जाने की तैयारी थी. एक्टर ने सफेद शर्ट और ट्राउजर पहन लिया था. इतना ही नहीं, उनका मेकअप भी पूरा हो चुका था. होटल के नीचे उन्हें लेने के लिए कार भी पहुंच गई थी.

---विज्ञापन---

कमरे का क्या था नजारा?

इसी दौरान एक प्रोडक्शन असिस्टेंट उन्हें बुलाने के लिए कमरे में पहुंचा. जैसे ही सोहेल कमरे से बाहर निकलने लगे, वह अचानक गिर पड़े. वहां मौजूद लोग उन्हें इस हालत में देखकर घबरा गए और तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे.

डॉक्टरों ने क्या कहा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहेल खान को TMSS मेडिकल कॉलेज और रफतउल्लाह कम्युनिटी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के मैनेजर रफीउल इस्लाम ने उनकी मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद एक्टर का ECG किया गया. इसके बाद डॉक्टरों ने सुबह करीब 10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया.

---विज्ञापन---

मौत की क्या है वजह?

शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई कि सोहेल को स्ट्रोक आया होगा. हालांकि, उनकी मौत की सटीक वजह की अभी सामने नहीं आई है. घटना के वक्त वहां मौजूद अभिनेता और निर्देशक शहरियार नाजिम जॉय ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने बताया कि गिरने के बाद सोहेल के मुंह से खून निकल रहा था. कुछ देर पहले ही उन्होंने ड्रैगन फ्रूट खाया था. ऐसे में शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद फल खाने से उन्हें कोई रिएक्शन हुआ है, लेकिन जब सोहेल ने कोई रिएक्शन नहीं दिया, तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

टीवी से फिल्मों तक बनाया था खास मुकाम

सोहेल खान का अभिनय करियर काफी लंबा रहा. उन्होंने टीवी विज्ञापनों से अपने करियर की शुरुआत की थी. वह सबसे पहले मुस्तफा सरवर फारूकी के निर्देशन में बने ‘बांग्लालिंक’ के एक विज्ञापन में नजर आए थे. इसके बाद उन्होंने साल 2007 में प्रसारित राजनीतिक व्यंग्य सीरीज ‘420’ में काम किया. इस शो में मुशर्रफ करीम, नुसरत इमरोस तिशा और मरज़ुक रसेल जैसे कलाकार भी थे.

---विज्ञापन---

इन फिल्मों से बनाई खास पहचान

टीवी के अलावा सोहेल ने कई फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाया. वह ‘नोय नंबर बिपॉड शोंगकेट’, ‘दारुचिनी द्विप’, ‘कॉमन जेंडर’, ‘बीर’ और ‘शान’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे. उनकी अचानक हुई मौत से उनके चाहने वालों और इंडस्ट्री के लोगों के बीच शोक की लहर है.

First published on: Nov 24, 2026 07:00 PM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola
होम गैलरीज़ मनोरंजन tlbr_img4 वीडियो