Money Follows My Brother Song Views: एक्टर और सांसद रवि किशन का चर्चित डायलॉग ‘मनी फॉलोज माय ब्रदर’ अब गाने में बदल चुका है. कुछ समय पहले अपने एक इंटरव्यू के दौरान बोले गए इस डायलॉग से रवि किशन सोशल मीडिया पर छा गए थे. अब उन्होंने इसी वायरल लाइन पर पूरा गाना बना दिया है. शुक्रवार को रिलीज हुए इस गाने में रवि किशन का अंदाज देखकर लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.

उनका यह अंदाज लोगों को इतना पसंद आ रहा है, कि गाने ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर बवाल काट दिया है, रवि किशन के इस गाने को खबर लिखे जाने तक 1.3 मीलियन व्यूज मिल चुके हैं, 23 घंटे में इस गाने पर 55k लाइक्स तो 3,204 कमेंट आ चुके हैं.
रिलीज हुआ रवि किशन का गाना
रवि किशन का नया गाना ‘मनी फॉलोज माय ब्रदर’ रिलीज हो गया है. खास बात यह है कि गाने में रवि किशन सिर्फ एक्टिंग करते ही नहीं, बल्कि अपनी आवाज का जादू भी दिखा रहे हैं. गाना उन्हीं पर फिल्माया गया है और इसमें उनका वायरल डांस स्टेप भी देखने को मिलता है. गाने को मेलो डी, सुरजीत बिंद्राखिया और रवि किशन ने मिलकर गाया है. इसके लिरिक्स मेलो डी और शमशेर संधू ने लिखे हैं. वहीं म्यूजिक मेलो डी, संगम विज्ञानिक और अतुल शर्मा ने तैयार किया है. गाने के वीडियो को पोस्ट गुरु ने डायरेक्ट किया है.
बचपन से शुरू होती है कहानी
गाने की शुरुआत रवि किशन के बचपन की झलक से होती है. एक सीन में छोटे रवि कार में बैठे नजर आते हैं. उनकी मां उनसे पूछती हैं कि पढ़ाई में मन नहीं लगता तो आगे क्या करोगे? इसके बाद छोटे रवि अपनी बात बड़े ही मजेदार अंदाज में कहते हैं, ‘पूरे देश को पगला दूंगा.’

बस इसके बाद शुरू होता है असली धमाल. गाने में रवि किशन के कई अलग-अलग रूप देखने को मिलते हैं. कहीं वह ‘माई का लाल जयकिशन’ बनकर डांस करते नजर आते हैं तो कहीं बोर्ड लगाकर इंटरव्यू देते दिखाई देते हैं. इतना ही नहीं, एक सीन में वह शेक्सपीयर के मशहूर किरदार जूलियस सीजर के लुक में भी नजर आते हैं.
ऐसे वायरल हुआ था डायलॉग
दरअसल, रवि किशन का ‘मनी फॉलोज माय ब्रदर’ डायलॉग एक शो के दौरान वायरल हुआ था. होस्ट ने उनसे पूछा था कि उन्हें जिंदगी में पहचान ज्यादा चाहिए थी या पैसा? इसके जवाब में रवि ने कहा था, ‘पहचान, मनी फॉलोज माय ब्रदर… मनी फॉलोज.’

फैंस को पसंद आया रवि का अंदाज
रवि के बोलने का अंदाज इतना मजेदार था कि उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद इस लाइन पर खूब मीम्स बने. अब उसी वायरल मीम को रवि किशन ने गाने का रूप दे दिया है.
यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट
गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन आने लगे हैं. कुछ यूजर्स रवि किशन के इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं, ‘पागल बना दिया देश को.’ रवि किशन का यह नया अंदाज एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है.