Kangana Ranaut: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा है. पहले नसीरुद्दीन शाह ने छात्र प्रदर्शनों को लेकर बॉलीवुड के कुछ लोगों की चुप्पी पर सवाल उठाया था और इंडस्ट्री की तुलना एक ऐसे कुत्ते से की थी, जिसके मुंह में हड्डी होने की वजह से वो भौंक नहीं सकता.
नसीरुद्दीन शाह पर भड़कीं कंगना रनौत
उनके इसी बयान को लेकर हाल ही में कंगना ने सोशल मीडिया पर नसीरुद्दीन शाह पर तीखी टिप्पणी की. अपने इंटाग्राम स्टोरीज पर एक नोट शेयर करते हुए नसीरुद्दीन शाह का नाम लेते हुए कंगना ने लिखा, ‘सच तो ये है हर कोई किसी ना किसी का कुत्ता है, लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि मैं जिस घर (देश) की रोटी खाती हूं उसकी रखवाली करती हूं. नसीन साब खाते तो इस देश का हैं लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं.’ आगे कंगना ने कहा कि. आज के दौर में इंसानों के लिए ये शब्द एक तरह से तारीफ है, क्योंकि कुत्तों को वफादारी और क्यूटनेस जैसी खूबियों के लिए जाना जाता है. इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह के लिए ‘लोमड़ी’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि वो उनके जैसा होना पसंद करने के बजाय कुत्ता होना पसंद करेंगी.

पियूष ने कही थी ये बात
कंगना से पहले पीयूष मिश्रा ने भी नसीरुद्दीन शाह पर हमला बोला था. झारखंड के रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों को सपोर्ट करने पहुंचे पियूष मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में पीयूष मिश्रा ने नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान का जिक्र किया और कहा कि नसीरुद्दीन ने उन लोगों पर सवाल उठाया था, जो छात्रों के समर्थन में आवाज नहीं उठा रहे थे. पीयूष ने सवाल किया कि अगर कुछ लोगों के मुंह में हड्डी होने के कारण वे बोल नहीं सकते, तो फिर वे दूसरे ‘कुत्ते’ कहां हैं जो बोल नहीं पा रहे हैं. उन्होंने दिल्ली और मुंबई में हुए कुछ प्रदर्शनों का भी जिक्र किया.
विवादों में नसीरुद्दीन शाह
अपने बयान में पीयूष मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि वो नसीरुद्दीन शाह का सम्मान करते हैं. उन्होंने दिग्गज अभिनेता को लेकर अपने सम्मान की बात कही, लेकिन साथ ही ये भी कहा कि अब वो उनसे डरते नहीं हैं. पियूष मिश्रा के बाद कंगना रनौत ने भी नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान पर सवाल उठाए हैं.