ऑस्कर विनर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘द ओडिसी’ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. यह फिल्म काफी समय से चर्चा में बनी हुई थी और आखिरकार 17 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. रिलीज के बाद से ही फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. इतना ही नहीं, जगह-जगह इसके टिकट 3,100 और 2,500 रुपये तक में बिक रहे हैं. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म भारत में ओपनिंग डे पर दमदार कमाई करेगी. आइए जानते हैं फिल्म के पहले दिन के शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़े.
11 बजे तक फिल्म ने किया इतना कलेक्शन
दरअसल, मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और ऐनी हैथवे जैसे सितारों से सजी ‘द ओडिसी’ का भारत में अजय देवगन की ‘धमाल 4’ से मुकाबला हो रहा है. हालांकि, फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है और कई लोग पहले से ही इसके शो बुक कर चुके हैं. Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन सुबह 11 बजे तक 2.20 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी 41.7 प्रतिशत रही, जबकि देशभर में इसके 2,656 शो चल रहे हैं.
अलग-अलग भाषाओं में ऐसा रहा ‘द ओडिसी’ का कलेक्शन
भाषा के आधार पर देखें तो फिल्म ने अंग्रेजी में 2.01 करोड़ रुपये, हिंदी में 11 लाख रुपये, तमिल में 4 लाख रुपये और तेलुगु में 4 लाख रुपये की कमाई की है. सुबह 11 बजे तक के इन शुरुआती आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि दिन के आखिर तक फिल्म की कमाई आसानी से डबल डिजिट में पहुंच सकती है.
द ओडिसी में नजर आए ये कलाकार
बता दें कि ‘द ओडिसी’ एक एक्शन-फैंटेसी ड्रामा है, जो होमर के प्रसिद्ध ग्रीक महाकाव्य ‘ओडिसी’ पर आधारित है. फिल्म की कहानी ग्रीक राजा ओडिसियस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक लंबे युद्ध के बाद अपने घर लौटने की कठिन यात्रा पर निकलता है. फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, ज़ेंडाया, रॉबर्ट पैटिनसन, लुपिटा न्योंगो, इलियट पेज और चार्लीज़ थेरॉन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
यह भी पढ़ें- शादीशुदा राम कपूर ने खुद से 22 साल छोटी इस हसीना को किया KISS, मचा बवाल