Haiwaan Box Office Collection Day 6: अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म ‘हैवान’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिए काफी स्ट्रगल कर रही है. इस क्राइम-थ्रिलर फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 6 दिन पूरे हो गए हैं. रिलीज के बाद से फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. बॉक्स ऑफिस पर 3 करोड़ रुपये से ओपनिंग करने वाली अक्षय और सैफ की फिल्म ‘हैवान’ की कमाई तीन दिन बाद ही लाखों में सिमटकर रह गई. छठे दिन तो फिल्म का और भी बुरा हाल हो गया और मूवी के कलेक्शन में भारी गिरावट देखने को मिली. चलिए जानते हैं कि इस फिल्म ने अब तक कुल कितनी कमाई की है.
‘हैवान’ की कमाई में आई गिरावट
Sacnilk के अनुसार, प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ ने छठे दिन 0.55 करोड़ यानी सिर्फ 55 लाख रुपये की कमाई की है, जो फिल्म के 5वें दिन के कलेक्शन से 21.4 प्रतिशत कम है. वहीं, पिछले तीन दिनों से फिल्म का डेली कलेक्शन लाखों में ही हो रहा है. इसके साथ ही फिल्म भारत में अब तक 9.30 करोड़ रुपये का बिजनेस कर पाई है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 11.11 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमजोर प्रदर्शन कर रही है.
फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी
छठे दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी में भी गिरावट दर्ज की गई. पूरे भारत में फिल्म ‘हैवान’ के 2,956 शो चलाए गए, जिनकी कुल ऑक्यूपेंसी 9.0 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के शो के दौरान सिनेमाघरों में काफी सीटें खाली रहीं. छठे दिन सुबह के शो में 8.23 प्रतिशत, दोपहर के शो में 11.92 प्रतिशत, शाम के शो में 9.54 प्रतिशत और रात के शो में 12.08 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
‘हैवान’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी की थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ भारत के साथ-साथ दुनियाभर में भी कमजोर प्रदर्शन कर रही है. दरअसल, प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी इस थ्रिलर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 14.36 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.