PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर देशभर से उन्हें जन्मदिन की बधाइयां मिल रही हैं. पॉलिटिशियन से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को शुभकामनाएं दे रहे हैं. बॉलीवुड और मनोरंजन जगत से जुड़े कई सितारों ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनकी अच्छी सेहत की कामना की है. इस दौरान अभिनेता और सांसद रवि किशन का अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है, तो वही शत्रुघ्न सिन्हा ने भीड़ में मैसेज न खो जाए, इसलिए तगड़ा जुगाड़ निकालकर देश के प्रधानमंत्री को न सिर्फ बधाई दी बल्कि उनसे पूछ भी लिया आपको आइडिया कैसा लगा?
शत्रुघ्न सिन्हा का बर्थडे विश
दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन से पहले ही बधाई दे दी. उन्होंने एक्स पर पीएम मोदी के साथ अपनी दो तस्वीरें शेयर कीं. एक फोटो में प्रधानमंत्री उन्हें गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं.
इन तस्वीरों के साथ शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि कल मिलने वाली ढेरों शुभकामनाओं की भीड़ में कहीं यह संदेश खो न जाए, इसलिए आपको पहले ही बधाई दे रहा हूं. सरजी, आपको यह विचार कैसा लगा? उन्होंने आगे लिखा- ‘हमारे दोस्त और समाज के सेवक, माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, प्यार, खुशियां, शांति और एक स्वस्थ व लंबी आयु प्रदान करें. ईश्वर आप पर कृपा बनाए रखे!’
रवि किशन ने खास अंदाज में दी बधाई
रवि किशन ने भी पीएम मोदी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और देश के विकास का जिक्र किया. साथ ही पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और ऊर्जा की कामना की.
प्रधानमंत्री के नेतृत्व और देश के विकास का किया जिक्र
उन्होंने लिखा- विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रनिष्ठा और अनवरत परिश्रम के प्रतीक, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री @narendramodi जी को जन्मदिवस की अनंत कोटि शुभकामनाएं! आपके सशक्त, कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आपने पूरी दुनिया में भारतवर्ष का मान सम्मान बढ़ाया है.
‘आशीर्वाद दीया’ जलाने की कही बात
उन्होंने आगे लिखा, ‘ ईश्वर से प्रार्थना है कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और अखंड ऊर्जा प्रदान करें, ताकि आपका मार्गदर्शन सदैव मां भारती की सेवा में हमें प्राप्त होता रहे. इसी के साथ रवि किशन एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी लगाई जिसमें उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर वह और उनका परिवार ‘आशीर्वाद दीया’ जलाएंगे.
इन सितारों ने भी किया विश
रवि किशन और शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा बिंदु दारा सिंह, ईशा कोप्पिकर समेत कई अन्य सितारों ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. सभी ने अपने-अपने अंदाज में प्रधानमंत्री की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना की.