90’s Actress on Being Ghosted at 70: ‘डिस्को डांसर’, ‘अंजाम’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘प्यारा दुश्मन’ जैसी 100 से अधिक फिल्मों का हिस्सा रही पॉपुलर एक्ट्रेस कल्पना अय्यर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दरअसल, 80 और 90 के दशक में अपनी एक्टिंग से लोगों को अपना दीवाना बनाने वाली कल्पना अय्यर आज 70 साल की उम्र में काम पाने के लिए तरस रही हैं. हाल ही में कल्पना अय्यर ने बताया कि जब उनका डांस वीडियो वायरल हुआ, तो उन्होंने फिर से फिल्मों में काम करने के बारे में सोचा और इसकी तलाश शुरू कर दी. लेकिन इस दौरान उन्हें घोस्टिंग का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही एक्ट्रेस ने उन्हें नजरअंदाज करने वाले कास्टिंग डायरेक्टर्स और फिल्ममेकर्स की कड़ी आलोचना की है.
दरअसल, कुछ समय पहले ही कल्पना अय्यर का एक डांस वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक दोस्त की शादी में अपनी फिल्म ‘अरमान’ के फेमस सॉन्ग ‘रंभा हो’ पर डांस कर रही थीं.
ईमानदारी से पेश आएं…
बुधवार को कल्पना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने काम ढूंढते समय अपने साथ हुई घोस्टिंग के बारे में बताया. एक्ट्रेस ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं और पोस्ट में लिखा, ‘अगर आप मुझे जॉब के लिए कॉन्टैक्ट करते हैं और बात नहीं बनती, तो कोई बात नहीं. लेकिन कम से कम मुझे इंफॉर्म करने की तमीज तो रखें. हम किसी और समय साथ काम कर सकते हैं… यही जिंदगी है और 70 साल की उम्र में मैं यह बात बखूबी जानती हूं. इसलिए प्लीज… ईमानदारी से पेश आएं, डेकोरम के साथ पेश आएं और काइंड बनें.’
मेरा कोई कंट्रोल नहीं…
कल्पना ने आगे कहा, ‘मैं हर बात में डिसेंट रहने और उन चीजों पर परेशान न होने की पूरी कोशिश कर रही हूं, जिन पर मेरा कोई कंट्रोल नहीं है. लेकिन सच कहूं तो यह मेरे लिए सही नहीं है. क्योंकि… मैं अपने सामने आने वाली हर चीज को करना चाहती हूं. मैं किसी नखरे वाली महिला की तरह व्यवहार नहीं करना चाहती, लेकिन मैं भी डेकोरम और रिस्पेक्ट की उम्मीद करती हूं.यह कोई बहुत बड़ी मांग नहीं है.’
मुझे बताएं प्लीज…
कल्पना ने आगे लिखा, ‘हो सकता है कि मैं वो व्यक्ति न हूं, जिसे वे सपोर्ट देना चाहें, लेकिन मैं भी इंसान हूं और मैं किसी तरह की सहानुभूति या स्पेशल ट्रीटमेंट की भीख नहीं मांग रही हूं. मैं ईमानदारी से काम चाहती हूं और अगर आप मुझसे काम के लिए कॉन्टैक्ट करते हैं, तो मैं आभारी हूं. लेकिन अगर ऐसा नहीं हो पा रहा है, तो मुझे बताएं प्लीज. क्या पता… यह आपके और मेरे लिए काम कर जाए. प्लीज अनुमान न लगाएं, बस मुझसे पूछें और मैं इसके लिए खुश और आभारी रहूंगी.’