Jailer 2: सुपरस्टार रजनीकांत की मच-अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ (Jailer 2) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. सिनेमाघरों में दस्तक देने से दो महीने पहले ही इस फिल्म ने कमाई का एक नया इतिहास रच दिया है. मेकर्स ने टीजर और पहले गाने ‘आला बोलेलो’ (Ala Bolelo) के प्रोमो के बीच एक बहुत बड़ी ओटीटी (OTT) डील फाइनल कर ली है. प्रोड्यूसर कलानिधि मारन की इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही 160 करोड़ रुपये की बंपर कमाई कर ली है, जिसने थलपति विजय की फिल्म का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.
बिक गए डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स
नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बन रही ‘जेलर 2’ के ओटीटी स्ट्रीमिंग राइट्स बहुत ही भारी-भरकम कीमत पर बिक चुके हैं. हालांकि अभी उस ओटीटी प्लेटफॉर्म के नाम का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सौदा पूरे 160 करोड़ रुपये में तय हुआ है.
‘लियो’ का पुराना रिकॉर्ड टूटा
यह तमिल सिनेमा के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी नॉन-थियेट्रिकल डील मानी जा रही है. इस 160 करोड़ रुपये की बंपर डील के साथ रजनीकांत ने थलपति विजय की सुपरहिट फिल्म ‘लियो’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसके डिजिटल राइट्स साल 2023 में 120 करोड़ रुपये में बिके थे.
दशहरा पर होगी रिलीज
करीब 250 से 350 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनकर तैयार हो रही ‘जेलर 2’ इस साल त्योहारी सीजन पर रिलीज होने वाली है. फैंस को बड़ा तोहफा देते हुए मेकर्स इसे दशहरा वीकेंड पर 15 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के थिएटर्स में उतारने जा रहे हैं.
नए खौफनाक मोड़ से शुरू होगी कहानी
फिल्म की कहानी को फिलहाल पूरी तरह से सीक्रेट रखा गया है, लेकिन माना जा रहा है कि सीक्वल वहीं से शुरू होगा जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था. रिटायर्ड जेलर मुथुवेल पांडियन को अपने परिवार और अपनी विरासत को बचाने के लिए एक बार फिर नए अंडरवर्ल्ड नेटवर्क और अपराधियों से लोहा लेते हुए एक्शन में उतरना पड़ेगा.
फिल्म में सितारों का जमावड़ा
फिल्म में रजनीकांत के साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू और ऋत्विक दोबारा नजर आएंगे. वहीं मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन और एस.जे. सूर्या जैसे बड़े स्टार्स की नई एंट्री हुई है. इसके अलावा फिल्म में मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन के धमाकेदार कैमियो की खबरें भी सामने आ रही हैं.