Ankita Lokhande Viral Video: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे इन दिनों अपने काम से ज्यादा एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. गणपति पूजन के दौरान के उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिन्हें लेकर यूजर्स के बीच तरह-तरह के रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. कुछ लोग अंकिता के अंदाज को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तो कई यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल भी किया है.
गणेश उत्सव में दी गुड न्यूज?
दरअसल, गणेश उत्सव के मौके पर अंकिता लोखंडे भी गणपति पूजन करती नजर आईं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक्ट्रेस परिवार और करीबी लोगों के साथ पूजा करती दिखाई दे रही हैं. इसी दौरान उनके कुछ ऐसे एक्सप्रेशन और अंदाज कैमरे में कैद हो गए, जिन्हें लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.
पूजा के बीच क्या कर रही थीं अंकिता?
वायरल हो रहे कुछ वीडियोज में अंकिता पूजा के दौरान काफी उत्साहित नजर आ रही हैं. कहीं वह जोर-जोर से हुंकारे लगाती दिखाई दे रही हैं, तो कुछ क्लिप्स में उनके इशारे और एक्सप्रेशन लोगों को हैरान और परेशान कर रहे हैं. खासकर जब वो बार-बार बच्चे से जुड़े इशारे कर रहीं हैं, जिसको लेकर यूजर कयास लगा रहे हैं, कि क्या अंकिता मां बनने वाली हैं? और इस शुभ अवसर पर ये गुड न्यूज खास अंदाज में शेयर कर रही हैं.
यूजर्स ने जमकर किया ट्रोल
वहीं कुछ वीडियो को देखने के बाद कुछ यूजर्स ने अंकिता के अंदाज को जरूरत से ज्यादा बताया. वहीं कुछ लोगों ने इसे ओवरएक्टिंग करार दिया. कई कमेंट्स में उनकी पूजा करने के तरीके पर भी सवाल उठाए गए. कुछ लोगों ने उनके अंदाज को ‘नौटंकी’ बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने कहा कि पूजा के दौरान इस तरह की हरकतें नहीं करनी चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने इसे कैमरे के सामने की गई ओवरएक्टिंग बताया.
‘पवित्र रिश्ता’ से मिली बड़ी पहचान
अंकिता लोखंडे ने टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से घर-घर में पहचान बनाई थी. शो में उन्होंने अर्चना का किरदार निभाया था और उनके साथ दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे. इसके बाद अंकिता ने फिल्मों में भी कदम रखा. वह ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ और ‘बागी 3’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
विक्की जैन से की शादी
अंकिता की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रहती है. उन्होंने बिजनेसमैन विक्की जैन से शादी की है और दोनों सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते रहते हैं. फिलहाल, गणपति पूजन का वायरल वीडियो एक्ट्रेस के सुर्खियों में आने की नई वजह बन गया है.