Why Influencer Nidhi Tiwari End Her Life: सोशल मीडिया जगत से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां 1.6 मिलियन फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी का निधन हो गया है. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात अपने ही घर में 30 वर्षीय इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय निधि किसी से फोन पर बात कर रही थीं. बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना सामने आई. निधि तिवारी की मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है. चलिए आपको पूरा मामला समझाते हैं.
इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की रहने वाली थीं. निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं. शनिवार रात वह अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिलीं. परिवार के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने निधि को मृत घोषित कर दिया.
आखिर हुआ क्या?
मोरवा थाना पुलिस में दर्ज रिपोर्ट और परिवार के अनुसार, निधि तिवारी शनिवार रात करीब 8:20 बजे अपने भूसा मोड़ स्थित घर के ऊपरी कमरे में मौजूद थीं. इस दौरान वह NCL की एक कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करने वाले सोनू सिंह से फोन पर बात कर रही थीं. बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर निधि और सोनू के बीच विवाद हो गया. इसके बाद निधि कथित तौर पर फांसी लगाने की कोशिश करने लगीं.
‘आंटी ऊपर जाइए…’
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनू ने तुरंत निधि की मां हेमलता तिवारी को फोन किया. सोनू ने फोन पर कहा, ‘आंटी ऊपर जाइए, निधि फांसी लगा रही है!’ हेमलता तिवारी ने जैसे ही यह सुना, वह अपनी दो बेटियों के साथ दौड़कर निधि के कमरे के बाहर पहुंचीं. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.
डॉक्टरों ने मृत घोषित…
इसके बाद हेमलता तिवारी ने अपने दामाद नीलेश मिश्रा को बुलाकर कमरे का दरवाजा तुड़वाया. कमरे के अंदर निधि सीलिंग फैन से दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी हुई मिलीं. परिवार के लोगों ने तुरंत दुपट्टा काटकर निधि को नीचे उतारा और उन्हें सिंगरौली के NCL अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने निधि को मृत घोषित कर दिया. इस मामले की जांच कर रहे मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
1.6 मिलियन फॉलोअर्स
30 साल की इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थीं. उनके फेसबुक पर करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. दोनों प्लेटफॉर्म के फॉलोअर्स को मिलाकर निधि तिवारी के कुल 1.6 मिलियन यानी 16 लाख फॉलोअर्स थे. इसके अलावा, निधि ने कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट भी जीते थे.