Actor Anuj Thakur Death: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. छोटे पर्दे के जाने-माने एक्टर अनुज ठाकुर का महज 33 साल की उम्र में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि एक्टर की मौत नींद में अटैक पड़ने की वजह से हुई. वह रात को सोने गए थे, लेकिन अगली सुबह दोबारा नहीं उठ सके. उनके अचानक चले जाने से परिवार और करीबी दोस्त गहरे सदमे में हैं. वहीं, टीवी इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है.
घर में सोते समय हुआ निधन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज ठाकुर का निधन 27 अक्टूबर को मुंबई के ओशिवारा स्थित उनके घर पर हुआ. उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इंडिया टुडे से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की. रूपेश के मुताबिक, अनुज की मां सुबह उन्हें देखने पहुंचीं तो वह इस दुनिया में नहीं रहे थे. बताया गया कि सुबह उनका अलार्म बजा, लेकिन वह उठ नहीं पाए.
पहले भी पड़ चुका था दौरा
रूपेश सोनार ने बातचीत में बताया कि अनुज को इस साल की शुरुआत में भी अटैक आया था. इसके बाद वह दवाइयां ले रहे थे. परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार भी नींद में दौरा पड़ने की आशंका है. हालांकि, उनकी मौत की वजह को लेकर आधिकारिक मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है.
’10 दिन पहले हुई थी दोनों की मुलाकात’
रूपेश ने बताया कि वह अनुज के लगातार टच में थे. निधन से करीब 10 दिन पहले ही दोनों की मुलाकात हुई थी. शुक्रवार को जब उन्होंने अनुज से कॉन्टेक्ट करने की कोशिश की, तो उनके परिवार ने फोन उठाकर यह दुखद खबर दी. परिवार इस अचानक हुए हादसे से बुरी तरह टूट गया है और उसने मुश्किल समय में प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है.
दोस्त को छोटे भाई की तरह मानते थे अनुज
अनुज के निधन से उनके दोस्त रूपेश सोनार भी बेहद भावुक हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक्टर को याद करते हुए इमोशनल पोस्ट शेयर की. रूपेश ने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि अनुज उनके बीच नहीं हैं. वह उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे.
अनुज ने शेयर किया भावुक पोस्ट
उन्होंने बताया कि दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग की थी. अनुज के शुरुआती संघर्ष से लेकर उनके करियर के सफर तक की यादें आज भी उनके जेहन में हैं. रूपेश ने लिखा कि जिंदगी वाकई अनिश्चित है और इतनी कम उम्र में दोस्त का चले जाना दिल तोड़ने वाला है.
इन टीवी शोज में किया था काम
बता दें, अनुज ठाकुर ने अपने करियर में ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन सात जन्मों का’ और ‘महिसागर’ जैसे टीवी शोज में काम किया था. अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों के बीच पहचान बनाई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार पहुंचे हैं. बहरहाल, 33 साल की उम्र में एक्टर का यूं अचानक चले जाना उनके चाहने वालों के लिए बेहद दुखद है.