Entertainment News LIVE: पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान एक बार फिर भारत में चर्चा में हैं. उनकी अपकमिंग पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है. नेटफ्लिक्स ने हाल ही में सीरीज का ट्रेलर जारी किया है, जिसके बाद भारत में इसे लेकर विरोध शुरू हो गया है. ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन यानी AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेटफ्लिक्स इंडिया को चिट्ठठी लिखकर इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग की है. यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है.
फवाद खान की सीरीज के खिलाफ AICWA का विरोध
AICWA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर अपना विरोध जाहिर किया है. संस्था का कहना है कि पाकिस्तान से जुड़े किसी भी तरह के मनोरंजन कंटेंट को भारतीय स्क्रीन पर जगह नहीं मिलनी चाहिए. एसोसिएशन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और आतंकवाद को किसी भी तरह से बढ़ावा या सराहना नहीं मिलनी चाहिए.
AICWA की पीएम मोदी से मांग
संस्था ने प्रधानमंत्री मोदी से मांग की है कि पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज होने से रोका जाए. साथ ही नेटफ्लिक्स इंडिया और दूसरे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से अपील की है कि वे भविष्य में भी भारत में पाकिस्तानी कंटेंट स्ट्रीम न करें.
पाकिस्तानी कलाकारों के बयानों पर भी उठाए सवाल
AICWA ने अपनी चिट्ठी में सीरीज के कलाकारों का भी जिक्र किया है. संस्था का आरोप है कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान इन कलाकारों ने भारत के खिलाफ बयान दिए हैं. एसोसिएशन ने पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का हवाला देते हुए पाकिस्तानी कलाकारों और उनके कंटेंट पर सख्त पाबंदी लगाने की मांग की है.
क्या कहना है संस्था का?
AICWA ने मई 2025 में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी का भी जिक्र किया है. संस्था का कहना है कि भारत में पाकिस्तानी कंटेंट की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने के लिए सख्त और स्थायी कानून बनाया जाना चाहिए.
क्या है फवाद खान की सीरीज की कहानी?
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है. इसका निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है. यह फरहत इश्तियाक के इसी नाम के मशहूर उपन्यास पर आधारित है. सीरीज में प्यार, रिश्तों और जिंदगी के मुश्किल दौर से उबरने की कहानी दिखाई जाएगी. जिसमें फवाद खान. माहिरा खान, सनम सईद, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इकरा अजीज और माया अली जैसे कलाकार नजर आएंगे.
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कब्जा जमाए बैठी है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ ने 20वें दिन 17.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जिसमें 19वें दिन की कमाई की तुलना में 37.8 प्रतिशत का उछाल आया है. इसी के साथ फिल्म ने भारत में अब तक 972.95 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इसी के साथ यह फिल्म 1000 करोड़ के बेहद करीब पहुंच गई है. हालांकि, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,162.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. मंगलवार को फिल्म ने हिंदी में 14.25 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 90 लाख रुपये, तेलुगु में 40 लाख रुपये, तमिल में 70 लाख रुपये और मलयालम में 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की है. अगर फिल्म इसी तरह कमाई करती रही तो जल्द ही 1000 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लेगी.