बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की जोड़ी 80 के दशक में काफी मशहूर थी. दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसी बीच दोनों के कथित रिश्ते को लेकर भी खूब चर्चाएं हुई थीं. अब फिल्ममेकर लॉरेंस डिसूजा ने इस पुराने किस्से से जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने एक बार फिर उन दिनों की यादें ताजा कर दी हैं. उन्होंने बताया कि मिथुन शूटिंग के दौरान श्रीदेवी का इंतजार किया करते थे.
श्रीदेवी के मेकअप रूम के बाहर इंतजार करते थे मिथुन?
फिल्ममेकर लॉरेंस डिसूजा ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में मिथुन चक्रवर्ती और श्रीदेवी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया. उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान मिथुन अक्सर सेट पर पहुंच जाते थे. कई बार वह शूटिंग के समय तो कभी पैकअप के आसपास वहां आते थे और श्रीदेवी के मेकअप रूम में उनका इंतजार करते थे.

क्या बोले फिल्ममेकर लॉरेंस डिसूजा?
लॉरेंस के मुताबिक, उस वक्त मिथुन चक्रवर्ती पहले से शादीशुदा थे. उनकी शादी अभिनेत्री योगिता बाली से हुई थी. फिल्ममेकर ने यह भी साफ किया कि वह इस बारे में सिर्फ वही बता रहे हैं, जो उन्होंने खुद सेट पर काम करते हुए देखी थी. उन्होंने इसे किसी रिश्ते की के तौर पर पेश नहीं किया, बल्कि एक पुराने किस्से के रूप में बताया.
80 के दशक में खूब चर्चा में रही मिथुन-श्रीदेवी की जोड़ी
मिथुन चक्रवर्ती और श्रीदेवी ने 1980 के दशक में कई फिल्मों में साथ काम किया था. इनमें ‘जाग उठा इंसान’ और ‘वक्त की आवाज’ जैसी फिल्में शामिल हैं. पर्दे पर दोनों की जोड़ी को पसंद किया गया, लेकिन उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब गॉसिप होती रही.

सुर्खियों में सालों तक रही दोनों के रिश्ते की खबर
कई सालों तक दोनों के कथित रिश्ते की खबरें सुर्खियों में बनी रहीं. हालांकि, मिथुन और श्रीदेवी ने कभी इन अफवाहों पर मुहर नहीं लगाई. बाद में श्रीदेवी ने साल 1996 में फिल्ममेकर बोनी कपूर से शादी कर ली, लेकिन इस बीच फरवरी 2018 में दुखद घटना घटी. दुबई में अभिनेत्री के निधन खबर सामने आई, जिसने इंडस्ट्री समेत उनके फैंस को भी गहरा सदमा दिया.
आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं मिथुन चक्रवर्ती
मिथुन चक्रवर्ती ने 70 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं. अभिनेता आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं. साल 2025 में वह ‘द बंगाल फाइल्स’ समेत कई प्रोजेक्ट्स में नजर आए. आने वाले समय में भी उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. ऐसे में लॉरेंस डिसूजा का यह पुराना किस्सा एक बार फिर मिथुन और श्रीदेवी की चर्चित जोड़ी को सुर्खियों में ले आया है.