Samay Raina Reaction On Unacademy Sale: इंडियन एडटेक (EdTech) क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. देश की बड़ी ऑनलाइन शिक्षा कंपनियों में शुमार ‘अनएकेडमी’ (Unacademy) अब बिक चुकी है. दिग्गज टेक कंपनी ‘अपग्रेड’ (upGrad) ने करीब 200 मिलियन डॉलर (लगभग 1,600 करोड़ रुपये) में इस कंपनी का अधिग्रहण कर लिया है. इस बड़े सौदे के बाद अनएकेडमी के सह-संस्थापक और सीईओ गौरव मुंजाल (Gaurav Munjal) ने एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा, जिस पर स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना (Samay Raina) ने मजाकिया अंदाज में तंज कसा. हालांकि गौरव ने उनके तंज का जबाव भी मजाकिया अंदाज में ही दिया.
अपग्रेड ने 200 मिलियन में खरीदा
एडटेक सेक्टर में महीनों से चल रही अनिश्चितताओं के बीच बुधवार को ‘अनएकेडमी’ के बिकने का आधिकारिक ऐलान हुआ. कंपनी को प्रतियोगी ‘अपग्रेड’ ने 200 मिलियन डॉलर के सौदे में खरीद लिया है. इस डील के साथ ही अनएकेडमी के सह-संस्थापक और सीईओ गौरव मुंजाल ने सोशल मीडिया पर अपनी पूरी यात्रा को याद करते हुए एक लंबा और भावुक नोट शेयर किया.
गौरव मुंजाल की भावुक सोशल पोस्ट
गौरव मुंजाल ने लिखा कि कंपनी ने अपने चरम के दौरान भारी फंड जुटाया था, लेकिन आज वे उसका एक छोटा सा हिस्सा ही बेच पाए. उन्होंने सच स्वीकारते हुए कहा कि वे इन आंकड़ों को छुपाने की कोशिश नहीं करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने पूरी टीम, एजुकेटर्स, को-फाउंडर्स और इन्वेस्टर्स का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने के लिए कंपनी ने चार बार ईसॉप (ESOP Buybacks) पूरा किया था.
समय रैना का तीखा और मजेदार तंज
गौरव मुंजाल के इस इमोशनल नोट के बाद उनके करीबी दोस्त और मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने गौरव के साथ अपनी एक पुरानी हंसती हुई फोटो शेयर की. समय ने मजाक उड़ाते हुए लिखा कि मेरे दोस्त गौरव को बधाई, जिन्होंने अपनी कंपनी को तब बेचा जब इसकी वैल्यू घटकर सिर्फ 200 मिलियन डॉलर रह गई, जबकि पहले इसे 3.4 बिलियन डॉलर में बेचा जा सकता था.
Samay Raina roasted unacademy founder pic.twitter.com/S06ra8XriE
— Desh ke Kalesh (@kaleshi_praja) September 1, 2026
‘दुश्मनों की क्या जरूरत’ का जवाब
समय रैना के इस तंज और चुटकी भरे पोस्ट पर गौरव मुंजाल ने भी बिल्कुल सहज और मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. गौरव ने कमेंट करते हुए लिखा, “जब ऐसे दोस्त हों, तो फिर दुश्मनों की क्या जरूरत?” दोनों के बीच हुई इस नोकझोंक और हंसी-मजाक को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस भी रिएक्शन दे रहे हैं और पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है.
भारतीय एडटेक मार्केट पर असर
कभी 3.4 बिलियन डॉलर के भारी-भरकम वैल्यूएशन पर पहुंचने वाली अनएकेडमी का 200 मिलियन डॉलर में बिकना भारतीय एडटेक मार्केट के बदलते हालातों को बयां करता है. महामारी के बाद ऑनलाइन एजुकेशन के घटते बाजार और ऑफलाइन कोचिंग की ओर बढ़ते रुझान ने कई बड़ी स्टार्टअप कंपनियों के बिजनेस मॉडल को प्रभावित किया है, जिसकी वजह से अनएकेडमी को भी यह बड़ा फैसला लेना पड़ा.