Rahul Mahajan Reacts on 4th Marriage at 51: रियलिटी शो के स्टार राहुल महाजन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार भी राहुल महाजन अपने एक बयान की वजह से चर्चा में हैं. उन्होंने अपनी लव लाइफ और चौथी शादी के बारे में बात की है. राहुल महाजन की लव लाइफ हमेशा खबरों की हेडलाइन बनती रही है. राहुल ने तीन बार शादी की और तीनों बार उनका तलाक हो गया. आज के समय में राहुल महाजन सिंगल हैं. हाल ही में राहुल महाजन ने कहा कि भले ही उनकी 3 शादियां टूट गईं, लेकिन वो आज भी शादी के रिश्ते पर विश्वास करते हैं. चलिए जानते हैं कि राहुल महाजन ने अपनी चौथी शादी को लेकर क्या कहा है.
3 तलाक के बाद शादी पर भरोसा
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन के बेटे राहुल महाजन हाल ही में सुभोजित घोष के पॉडकास्ट में पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी लव लाइफ और चौथी शादी पर खुलकर बात की है. राहुल महाजन ने बताया कि तीन असफल शादियों के बाद भी वो शादी और सच्चे प्यार पर विश्वास रखते हैं। उन्हें आज भी प्यार पर भरोसा है.
चौथी बार शादी को तैयार?
इंटरव्यू में जब राहुल से उनकी चौथी शादी के बारे में पूछा गया, तो उनके जवाब ने सभी को हैरान कर दिया. फैंस को उनसे इस तरह के जवाब की जरा भी उम्मीद नहीं थी. राहुल महाजन ने कहा, ‘मैं चौथी बार शादी करना चाहता हूं. मैं दुनिया में अकेला ऐसा व्यक्ति हूं, जो शादी में विश्वास रखता है. आज के जमाने में नई जनरेशन के कई लोग शादी नहीं करना चाहते। लेकिन मैं वैसा नहीं हूं. अगर मुझे आज भी कोई पसंद आता है, तो मैं उसके बारे में जरूर सोचूंगा. मैं उस व्यक्ति को जानने के लिए उसके साथ 6 महीने या एक साल तक रहूंगा. मैं चौथी शादी क्यों नहीं करूं, मैं क्यों गिव अप करूं?’
मुझे रोमांस पसंद…
राहुल ने अपनी बात पूरी करते हुए आगे कहा, ‘अगर मैं कहूं कि मैं चौथी बार शादी नहीं करूंगा, तो इसका मतलब होगा कि आज तक मैंने जितने दुख झेले हैं, वो सारे दुख कचरे में चले गए. हमें उम्मीद कभी भी नहीं छोड़नी चाहिए. मुझे लव स्टोरीज बहुत पसंद हैं. मुझे रोमांस पसंद है.’
राहुल महाजन की शादियां और तलाक
बता दें कि राहुल महाजन ने साल 2006 में श्वेता सिंह से शादी की, जिनसे उनका कुछ समय बाद तलाक हो गया. फिर उन्होंने टीवी पर डिंपी महाजन से दूसरी शादी की. हालांकि, पांच साल बाद उनका भी तलाक हो गया. इसके बाद साल 2018 में राहुल ने कजाखस्तानी मॉडल नतालिया इलिना से तीसरी शादी की. फिर 2023 में उन्होंने उनसे भी तलाक ले लिया, जिसके बाद से वो अभी तक सिंगल हैं.