Bigg Boss 20: सलमान खान के पॉपुलर टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों दोस्तों के बीच अनबन और घरवालों के बीच जबरदस्त लड़ाई-झगड़े देखने को मिल रहे हैं. इस हफ्ते ‘वीकेंड का वार’ की जिम्मेदारी सलमान खान की जगह रोहित शेट्टी ने निभाई है. ‘वीकेंड का वार’ के पहले एपिसोड में रोहित शेट्टी ने घर के सभी सदस्यों को आईना दिखाया. इसके बाद शो के नए एपिसोड के प्रोमो में स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी नजर आईं, जिन्होंने स्काउट और लव गिल की जमकर क्लास लगाई. वहीं, अब इस शो में ‘बिग बॉस 19’ की फर्स्ट रनर-अप फरहाना भट्ट आने वाली हैं.
शो में फरहाना भट्ट की एंट्री
दरअसल, हाल ही में मेकर्स ने शो के आने वाले एपिसोड का एक नया प्रोमो रिलीज किया है, जिसमें ‘बिग बॉस 20’ के सेट पर फरहाना भट्ट की एंट्री दिखाई गई है. प्रोमो में पहले शो के होस्ट रोहित शेट्टी घरवालों से बात करते हुए फरहाना भट्ट को स्टेज पर बुलाते हैं. प्रोमो में फरहाना बताती हैं कि वो यहां अपने सॉन्ग ‘साहिबा’ को प्रमोट करने के लिए आई हैं. फरहाना ने बताया कि ये उनका पहला गाना है, जो हाल ही में रिलीज हुआ है.
ट्रॉफी कश्मीर आए…
प्रोमो में फरहाना भट्ट और काजी तौकीर के बीच भी काफी अच्छा बॉन्ड और गजब की जुगलबंदी देखने को मिली. इस दौरान फरहाना भट्ट ने सॉन्ग ‘साहिबा’ को काजी तौकीर के साथ मिलकर फिर से गाया भी. इस दौरान फरहाना भट्ट ने काजी तौकीर को एक सलाह दी और उन्हें शो जीतकर ट्रॉफी कश्मीर लाने को कहा. प्रोमो में फरहाना भट्ट ने काजी तौकीर की तारीफ करते हुए कहा, ‘काजी, मेक श्योर करो कि इस बार ट्रॉफी कश्मीर आए.’
काशवी ने लगाई स्काउट-लव की क्लास
‘बिग बॉस 20’ के दूसरे प्रोमो में स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी शो के स्टेज पर एंट्री करती हैं. यहां काशवी ने स्काउट ओपी और लव गिल को आड़े हाथों लिया. काशवी ने आते ही स्काउट पर सवालों की बारिश कर दी. इसके साथ ही काशवी ने लव की भी क्लास लगाई और स्काउट को लव से दूर रहने की सख्त हिदायत भी दी है.