Bigg Boss 20: टीवी की दुनिया की वो एक्ट्रेस जिसने एक काली सी लड़की का किरदार निभाकर लोगों के दिलों में खास जगह बनाई, जिसकी मासूमियत ने लोगों का दिल जीत लिया वो एक्ट्रेस माही विज हैं, जिन्होंने सलमान खान के मोस्ट पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में धमाकेदार एंट्री की है. एक्ट्रेस ने शो में आते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया. उनका पहले ही दिन घर में रैपर बादशाह की एक्स वाइफ ईशा रिखी से झगड़ा हो गया और घर में खूब बवाल मचा. बता दें, माही की प्रोफेशनल लाइफ जितनी दिलचस्प रही है, उनकी पर्सनल लाइफ भी उतनी ही सुर्खियों में रही है. 17 साल की उम्र में घर छोड़कर मुंबई आने से लेकर गुपचुप शादी और फिर तलाक तक, माही की जिंदगी में कई ऐसे मोड़ आए, जिनकी खूब चर्चा हुई.
17 साल की उम्र में छोड़ा घर
माही विज ने महज 17 साल की उम्र में अपना घर छोड़कर मुंबई का रुख किया था. यहां उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी मेहनत की. उन्हें असली पहचान टीवी शो ‘लागी तुझसे लगन’ से मिली. इस सीरियल में उन्होंने नकुशा का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके बाद माही ‘अकेला’, ‘कैसी लागी लगन’ और ‘बालिका वधू’ जैसे पॉपुलर शोज का हिस्सा रह चुकीं हैं.

जय भानुशाली से गुपचुप शादी
माही विज की लव लाइफ भी काफी चर्चा में रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने साल 2011 में एक्टर जय भानुशाली के साथ गुपचुप कोर्ट मैरिज की थी. दोनों ने अपनी शादी को काफी समय तक प्राइवेट रखा. बाद में जब माही को मंगलसूत्र पहने देखा गया, तब उनकी शादी की खबर सामने आई.

माही और जय ने साथ में रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया. दोनों ‘झलक दिखला जा सीजन 4’ में नजर आए और साल 2013 में ‘नच बलिए 5’ की ट्रॉफी अपने नाम की. माही ‘खतरों के खिलाड़ी’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं.
तलाक की खबरों ने चौंकाया
करीब 14 साल की शादी के बाद माही और जय ने जनवरी 2026 में आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया. इसके बाद दोनों के तलाक और कथित एलिमनी को लेकर कई खबरें सामने आईं. हालांकि, माही ने 5 करोड़ रुपये एलिमनी मिलने की खबरों को झूठा बताया था.

नदीम कुरैशी से जुड़ा नाम
तलाक के बाद माही का नाम सलमान खान के करीबी दोस्त नदीम कुरैशी के साथ भी जोड़ा गया. नदीम के जन्मदिन पर माही ने उनकी तस्वीर शेयर कर उन्हें बर्थडे विश किया था, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. हालांकि, माही ने इन खबरों पर नाराजगी जाहिर करते हुए अफेयर की बात को खारिज कर दिया था.
‘बिग बॉस’ के घर में माही का गेम
बहरहाल, अब ‘बिग बॉस 20’ में माही की धमाकेदार एंट्री हो चुकी है, इसके बाद देखना दिलचस्प होगा कि वह घर के अंदर अपने बेबाक अंदाज से कितना धमाल मचाती हैं, और दर्शकों को उनका गेम कितना पसंद आता है.