Akanksha Choudhary: रियलिटी टीवी शो ‘लॉकअप 2’ (Lock Upp 2) की जानी-मानी कंटेस्टेंट और एक्ट्रेस आकांक्षा चौधरी (Akanksha Choudhary) ने हाल ही में पुणे में हुए एक इवेंट के दौरान अपनी ऐसी दर्दभरी और खौफनाक दास्तां सुनाई है, जिसे सुनकर आपके भी होश उड़ जाएंगे. आकांक्षा ने इवेंट के ऑर्गनाइजर्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि न सिर्फ उनकी फीस हड़प ली गई, बल्कि उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए उन्हें एक तरह से किडनैप तक कर लिया गया था.
इवेंट में ऑर्गनाइजर्स की घटिया हरकत
पुणे के एक इवेंट में पहुंचीं आकांक्षा ने बताया कि वहां मैनेजमेंट का कोई अता-पता नहीं था और चीजें पूरी तरह से मिसमैनेज्ड थीं. उन्होंने खुलासा किया कि उनके अलावा एक अन्य सिंगर और आशीष नाम के लड़के के साथ भी ऑर्गनाइजर्स ने भारी धोखाधड़ी की है.
जबरन गाड़ी में बिठाने और किडनैप जैसा ड्रामा
एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर कई वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर एक अनजान जगह पर छोड़ दिया गया. उन्होंने कहा, “आज तो मुझे सचमुच किडनैप ही कर लिया था, एक तरह से. जब मैंने उन्हें थप्पड़ मारे, तब जाकर वे रुके.”
भीड़ के सामने फंसाया और हंसते रहे ऑर्गनाइजर्स
आकांक्षा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वेन्यू पर भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन उन्हें फैंस से मिलने का मौका नहीं दिया गया. गाड़ी को सीधे भीड़ के सामने एक पतली बैरिकेडिंग के पास खड़ा कर दिया गया. जब वह अपनी टीम के बिना घबराकर चिल्ला रही थीं, तो ऑर्गनाइजर्स उनकी परेशानी समझने के बजाय उन पर हंस रहे थे.
पुलिस कंप्लेंट की धमकी के बाद सुधरे हालात
उन्होंने बताया कि जब स्थिति हद से बाहर हो गई, तब उन्होंने ऑर्गनाइजर्स को कड़ी चेतावनी दी कि अगर वे नहीं माने तो वह तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएंगी और सोशल मीडिया पर उनकी पोल खोल देंगी. उन्होंने साफ किया कि वह किसी और को अपनी वजह से इस्तेमाल नहीं होने देंगी.
बच्चों को इवेंट्स नहीं करने चाहिए
पूरी घटना पर भड़ास निकालते हुए आकांक्षा ने कहा कि यह एक बड़े स्कैम के अलावा कुछ नहीं था. उन्होंने आशीष के कजिन का जिक्र करते हुए कहा कि अगर चीजें संभालनी नहीं आतीं, तो ऐसे नासमझ लोगों को इवेंट्स नहीं करने चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने अपनी रुकी हुई फीस न मिलने का भी दर्द बयां किया.