Neeti Mohan and Shakti Mohan’s Father Passes Away: बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर नीति मोहन और एक्ट्रेस शक्ति मोहन के घर से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. दरअसल, इंडस्ट्री की फेमस मोहन सिस्टर्स के पिता बृज मोहन शर्मा का निधन हो गया है. इस दुखद खबर को खुद सिंगर नीति मोहन ने फैंस के साथ शेयर किया है. नीति ने अपने पिता बृज मोहन शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है. खबरों के अनुसार, मोहन सिस्टर्स के पिता बृज मोहन शर्मा पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे. उनके निधन की खबर ने उनके परिवार के साथ-साथ पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया. एक्ट्रेस नेहा धूपिया और सिंगर श्रेया घोषाल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बृज मोहन शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है.
वे अब हमारे बीच नहीं…
सिंगर नीति मोहन ने अपने पिता बृज मोहन शर्मा के निधन पर दुख जताते हुए इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पिता का निधन 15 अक्टूबर को हुआ था. नीति ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘गहरे दुख और भारी मन से हम आपको बता रहे हैं कि हमारे प्यारे पापा बृज मोहन शर्मा का 15.10.2026 को निधन हो गया है और वे स्वर्ग सिधार गए हैं.’ नीति मोहन ने आगे लिखा, ‘एक प्यार करने वाले पति और पिता, एक मेंटर और हमारे परिवार का स्तंभ. उनकी इंटेलिजेंस, काइन्डनेस, वैल्यू और निस्स्वार्थ प्रेम हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे. हालांकि वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, ज्ञान और खूबसूरत यादें जीवन भर हमें गाइड करती रहेंगी.’
खालीपन छोड़ दिया…
सिंगर नीति मोहन ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, ‘उनकी गैरमौजूदगी ने एक ऐसा खालीपन छोड़ दिया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, लेकिन उनका प्यार हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा. उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले. हम आपको बहुत याद करेंगे पापा.’
कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
नीति मोहन की इस पोस्ट पर कई हस्तियों ने रिएक्ट करते हुए उनके पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की. एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने लिखा, ‘नीति, मेरी संवेदनाएं और हिम्मत आपके और पूरे परिवार के साथ है.’ वहीं, सिंगर श्रेया घोषाल ने आगे कहा, ‘मेरी गहरी संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं. वे एक बेहद स्नेही पिता और सरल, नेक इंसान थे. माता-पिता को खोने का दुख शब्दों में समाहित नहीं हो सकता. ईश्वर आपको और आपके परिवार को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति। @neetimohan18 @mohanshakti @muktimohan @kritimohan12.’