Erica Fernandes Get Injured at TV Show Set: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस एरिका फर्नांडिस इन दिनों अपने हिट प्रोजेक्ट ‘108 बेस हॉस्पिटल उरी’ को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. इसी बीच एक्ट्रेस को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, ‘108 बेस हॉस्पिटल उरी’ के सेट पर एरिका के साथ एक हादसा हो गया, जिसमें वह घायल हो गई हैं. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस की चोट की तस्वीर भी खूब वायरल हो रही है. इस बात की जानकारी खुद एरिका फर्नांडिस ने अपने फैंस को दी है. इसके साथ ही एरिका ने यह भी बताया कि आखिर उन्हें यह चोट कैसे लगी. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से बताते हैं.
नाक पर गिरी बंदूक
एरिका फर्नांडिस ने बताया कि ‘108 बेस हॉस्पिटल उरी’ के सेट पर एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान वह घायल हो गईं. एरिका ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान करीब 3-4 किलो वजनी लोहे की नकली उजी बंदूक गलती से उनकी नाक पर गिर गई, जिससे उन्हें चोट लग गई.
एरिका ने अपने इंस्टाग्राम पर शूटिंग का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने उस एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग की झलक दिखाई. वीडियो में देखा जा सकता है कि शूटिंग के दौरान नकली बंदूक उनकी नाक पर लग गई, जिससे उन्हें चोट लगी. वीडियो में एरिका अपनी घायल नाक भी दिखाती नजर आ रही हैं. वह मुस्कुराते हुए अपनी नाक पर लगे कट को भी दिखाती हैं.
एक्शन सीक्वेंस की…
वीडियो को शेयर करते हुए एरिका ने कैप्शन में लिखा, ‘जब प्रॉप खुद ही स्टंट करने का फैसला कर ले… #108basehospitaluri के लिए इस एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान, लगभग 3-4 किलोग्राम वजनी लोहे की बनी नकली उजी बंदूक सीधे मेरी नाक पर गिर गई. कुछ सेकंड के लिए पूरा सेट थम गया, लेकिन यह अच्छा था कि नुकसान मामूली था, बस एक साफ-सुथरा कट लगा. टेक को रद्द करने के बजाय, हमने इसे ही रहने देने का फैसला किया और फाइनल कट में असली चोट को शामिल किया. इसे कहते हैं ‘एक्शन सीक्वेंस की प्रायोरिटी’ को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से लेना.’