---विज्ञापन---
करोड़ों के बजट की फिल्मों में चिल्लर फीस लेते हैं राजपाल यादव? इन अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में मचाने वाले हैं गदर
Rajpal Yadav Fees Per Film: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव ने अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग से हर पीढ़ी के दर्शकों को हंसाया है. 'भूल भुलैया' फ्रेंचाइजी से लेकर अक्षय कुमार, सलमान खान और वरुण धवन जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम कर चुके राजपाल यादव बीते सालों में लगातार फिल्मों में नजर आए हैं, लेकिन इन दिनों वो अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी मुश्किलों को लेकर सुर्खियों में हैं.
दरअसल, साल 2010 में अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के डायरेक्शन के लिए राजपाल यादव ने करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और ये कर्ज चुकाना उनके लिए भारी पड़ गया.
समय के साथ ब्याज जुड़ता गया और ये रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई. कर्ज न चुका पाने के चलते 10 फरवरी को राजपाल यादव ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया. उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनके पास इतनी रकम नहीं है, कि वो पूरा कर्ज चुका सकें.
इसी बीच राजपाल यादव की फीस को लेकर भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. भले ही वो करोड़ों के बजट वाली फिल्मों का हिस्सा रहे हों, लेकिन उनकी फीस बेहद कम बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरुण धवन की फिल्म 'बेबी जॉन' में जहां वरुण को करीब 25 करोड़ रुपये मिले थे, वहीं राजपाल यादव को सिर्फ 1 करोड़ रुपये फीस दी गई थी.
पिछले कुछ सालों की बात करें, तो राजपाल यादव ने अपनी पिछली 5 फिल्मों से कुल मिलाकर 7 से 8 करोड़ रुपये कमाए हैं. इनमें 'कटहल' के लिए 1 करोड़, 'ड्रीम गर्ल 2' के लिए 1 करोड़, 'भूल भुलैया 3' के लिए 2-3 करोड़, 'चंदू चैंपियन' के लिए 2 करोड़ रुपये फीस ली थी. उनके एक्सपीरियंस और पॉपुलैरिटी के हिसाब से ये रकम बेहद कम मानी जा रही है.
हाल के प्रोजेक्ट्स की बात करें, तो 2026 राजपाल यादव के लिए बेहद बिजी रहने वाला माना जा रहा है. वो अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' में नजर आएंगे, जो 10 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी. इसके अलावा वो अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में भी दिखाई देंगे, जिसकी रिलीज डेट 26 जून 2026 तय की गई है.
इसके साथ ही राजपाल यादव के पास 'विवश', कन्नड़ फिल्म 'अम्मा' , तेलुगू फिल्म 'रंगीला' , हॉरर-कॉमेडी 'टैक्सी में भूत है' , सोशल मुद्दों पर बेस्ड 'काम चालू है' और 'घमासान' , 'मन्नू और मुन्नी की शादी' के साथ-साथ 'मिशन लैला' जैसे कई प्रोजेक्ट्स बताए जा रहे हैं.
फिलहाल, राजपाल यादव तिहाड़ जेल में हैं, लेकिन इंडस्ट्री से उन्हें पूरा सपोर्ट मिल रहा है. सोनू सूद, गुरमीत चौधरी समेत कई सितारों ने उनकी मदद की है. राजनीति जगत से भी जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव उनके सपोर्ट में सामने आए हैं. अब फैंस को उम्मीद है, कि राजपाल यादव का ये मुश्किल दौर जल्द खत्म होगा, और कॉमेडियन एक बार फिर अपनी कॉमेडी से पर्दे पर गदर मचाएंगे.