---विज्ञापन---
क्यों अमाल मलिक ने लिया म्यूजिक से ब्रेक? सिंगर के पिता डब्बू मलिक ने बताई असली वजह
अमाल मलिक ने म्यूजिक से ब्रेक लेने की बात कहकर अपने फैंस को चिंता में डाल दिया, अब उनके पिता डब्बू मलिन ने वजह बताई है, जिसे जानकर फैंस हैरान हैं.
अमाल मलिक ने हाल ही में फिल्मी म्यूजिक से कुछ समय के लिए ब्रेक लेने की अनाउंसमेंट की थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि उन्हें अपने दिमाग, शरीर और मन को आराम देने के लिए इस ब्रेक की जरूरत है. अमाल के इस फैसले के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे. अब उनके पिता और म्यूजिक कंपोजर डब्बू मलिक ने बेटे के इस फैसले पर खुलकर बात की है.
डब्बू मलिक ने बताया क्यों लिया ब्रेक?
न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में डब्बू मलिक ने अमाल के ब्रेक को सही फैसला बताया. उन्होंने कहा कि अमाल ने काफी कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया था और लगातार काम करने के कारण कभी-कभी कलाकार को खुद के लिए समय देना जरूरी हो जाता है.
डब्बू ने कलाकार की जिंदगी पर क्या कहा
डब्बू ने कहा कि हर कलाकार की जिंदगी में ऐसा दौर आता है, जब वह खुद को दोबारा समझना चाहता है और आगे की दिशा तय करना चाहता है. उनके मुताबिक, अमाल के लिए ये पांच-छह महीने काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
'ये कोई बड़ी परेशानी नहीं है'
अमाल ने ब्रेक का ऐलान करते समय अस्पताल की एक तस्वीर भी शेयर की थी. इसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए थे. हालांकि, डब्बू मलिक ने साफ किया कि इसे किसी बड़ी परेशानी के तौर पर नहीं देखना चाहिए.
पिता ने दिया बेटे का साथ
उन्होंने कहा कि कलाकार काफी भावनात्मक तरीके से काम करते हैं. गाने बनाने और भावनाओं को संगीत में उतारने के लिए उन्हें अपने अंदर तक जाना पड़ता है. ऐसे में मानसिक और शारीरिक सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
बेटे के लिए 'थेरेपी' हैं डब्बू
डब्बू मलिक ने बताया कि वह अमाल के साथ काफी समय बिताते हैं. दोनों के बीच खुलकर बातचीत होती है और वे कई मुद्दों पर चर्चा करते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपने बेटे के लिए एक तरह से 'थेरेपी' की तरह हैं.
करियर पर नहीं पड़ेगा ब्रेक का असर
जब डब्बू से पूछा गया कि क्या इस ब्रेक का अमाल के करियर पर असर पड़ेगा, तो उन्होंने इसे लेकर कोई चिंता नहीं जताई. उनका कहना है कि आज के दौर में कलाकारों पर लगातार काम करने का दबाव पहले जैसा नहीं है. अब कलाकार कम काम करके भी ऐसा संगीत बनाना चाहते हैं, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें.
'आवारापन 2' से जुड़े हैं अमाल
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमाल मलिक इन दिनों 'आवारापन 2' को लेकर भी चर्चा में हैं. उन्होंने फिल्म के गाने 'ये आवारापन' को कंपोज किया है, जिसे अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है. फिल्म में इमरान हाशमी और दिशा पटानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.