नेपाल में आई भयानक फ्लैश फ्लड ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. इस बीच एक्टर अंकुर रतन ने अपनी आपबीती शेयर की है. अंकुर कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे और हादसे से कुछ घंटे पहले ही वह रसुवा जिले में मौजूद थे.
अंकुर ने सुनाई आपबीती
अंकुर रतन ने बताया कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस जगह पर वह कुछ घंटे पहले तस्वीरें खींच रहे थे, वहीं इतनी भयानक तबाही मच गई. एक्टर इस यात्रा पर अपनी पत्नी शिल्पा सुचक और उनकी कजिन सोनाली कपाड़िया के साथ गए थे. तीनों इस हादसे में सुरक्षित बच गए.

एक्टर के साथ कौन-कौन?
अंकुर ने बताया कि वह कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर काफी उत्साहित थे. उनके परिवार के लिए इस यात्रा का आध्यात्मिक महत्व भी है. उनकी सास डॉ. अमिता सुचक ने साल 1989 में कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा पूरी की थी. इसके अलावा अंकुर और उनका परिवार ट्रेकिंग के भी शौकीन हैं, इसलिए इस यात्रा को लेकर उनका उत्साह और ज्यादा था.
किस पड़ाव पर हैं एक्टर?
एक्टर महाराष्ट्र के रजिस्टर्ड क्लब ‘SAAD माउंटेनियर्स’ के नेतृत्व वाले ग्रुप का हिस्सा हैं. इस ग्रुप में कुल 28 लोग शामिल हैं. इनमें 19 लोग मुंबई से, जबकि बाकी पुणे, अकोला, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और सिंगापुर से हैं. फिलहाल यह ग्रुप सागा शहर में रुका हुआ है, जो कैलाश जाने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है.

कैसे बदले हालात?
अंकुर ने इस हादसे को याद करते हुए कहा कि वह खुद को बेहद खुशकिस्मत मान रहे हैं. उन्होंने बताया कि वह, उनकी पत्नी और उनकी कजिन हादसे वाली जगह से करीब 12 से 16 घंटे पहले ही गुजर चुके थे. उस वक्त उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद वहां हालात इतने भयावह हो जाएंगे.
एक्टर ने जताया दुख
इस घटना ने अंकुर को भावुक भी कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह अपने सुरक्षित बचने के लिए बेहद शुक्रगुजार हैं, लेकिन जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने करीबियों को खोया है, उनके दर्द की कल्पना करना भी मुश्किल है. एक्टर ने कहा कि इस त्रासदी के बाद उनका दिल पीड़ित परिवारों के लिए दुखी है.