सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी और कैंसर से जंग के हर पल को शेयर करने वाले टिकटॉक क्रिएटर मार्सेल जॉनसन अब इस दुनिया में नहीं रहे. महज 32 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली. वह पिछले करीब 15 महीनों से स्टेज 4 पेट के कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर से फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच शोक की लहर है. मार्सेल की पत्नी टेलर जॉनसन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर उनके जाने की जानकारी दी है.
15 महीने तक कैंसर से लड़ी जंग, 32 की उम्र में निधन
मार्सेल जॉनसन को अगस्त 2025 में पेट के कैंसर का पता चला था. इसके बाद से ही वह अपनी बीमारी, इलाज और मुश्किल दिनों से जुड़ी बातें सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे थे. उनके इस सफर को लाखों लोगों ने करीब से देखा और लगातार उनके ठीक होने की दुआ की. पांच बच्चों के पिता मार्सेल ने बीमारी के दौरान भी हिम्मत नहीं हारी और आखिरी वक्त तक जिंदगी के लिए लड़ते रहे.

पत्नी ने शेयर की दुखद खबर, फैंस का टूटा दिल
उनकी पत्नी टेलर ने बताया कि मार्सेल का निधन 2 नवंबर 2026 को हुआ. वह लंबे समय से दर्द और थकान से जूझ रहे थे. टेलर की पोस्ट में पति के आखिरी पलों का जिक्र सुनकर फैंस भी भावुक हो गए.
पति के आखिरी शब्द सुन टूट गईं पत्नी, लिखा इमोशनल पोस्ट
टेलर जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर पति को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा खो दिया है. उन्होंने बताया कि मार्सेल ने आखिरी दिन उनसे और अपने छोटे भाई डेड्रिक से कहा था, ‘मैं जाने के लिए तैयार हूं.’
पत्नी को मार्सेल के ठीक होने की थी उम्मीद
टेलर के मुताबिक, मार्सेल बेहद थक चुके थे और काफी दर्द में थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पूरे दिन हिम्मत बनाए रखी. पत्नी ने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनके पति उनके साथ नहीं हैं. उन्हें उम्मीद थी कि जब वह सुबह उठेंगी तो मार्सेल उनके बगल में होंगे.
पोस्ट में पति से बेइंतहा प्यार का इजहार
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि वह मार्सेल से बेइंतहा प्यार करती हैं और उनके जाने के बाद जिंदगी पहले जैसी कभी नहीं रहेगी.
फैंस ने दी श्रद्धांजलि, परिवार की मदद के लिए शुरू हुआ फंडरेजर
मार्सेल के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया. कई यूजर्स ने उनके कैंसर से लड़ने के हौसले को याद किया. कुछ लोगों ने उनकी पत्नी और बच्चों के लिए प्यार और दुआएं कीं.
आर्थिक मदद के लिए GoFundMe अभियान
वहीं, मार्सेल के परिवार की आर्थिक मदद के लिए GoFundMe अभियान भी शुरू किया गया है. ताइवान जोन्स की ओर से आयोजित इस फंडरेजर के जरिए उनकी पत्नी टेलर और पांच बेटों की मदद के लिए पैसे जुटाए जा रहे हैं. यह अभियान पहले मार्सेल के इलाज के लिए शुरू हुआ था, लेकिन अब उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सहायता के लिए इसे अपडेट कर दिया गया है.