मनोरंजन जगत से एक बार फिर दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है, जहां हॉरर फिल्म से अपनी जबरदस्त पहचान बनाने वाले मशहूर एक्टर रेगी बैनिस्टर का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है. ‘फैंटस्म’ फ्रैंचाइजी में अपने दमदार एक्शन और अनोखे किरदार के लिए पहचान बनाने वाले बैनिस्टर ने रविवार सुबह अपने घर में आखिरी सांस ली. इस दुखद खबर से एंटरटेन्मेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
किस बीमारी से जूझ रहे थे रेगी?
उनके निधन की जानकारी उनकी पत्नी गिगी बैनिस्टर ने फैंस के साथ शेयर की. बता दें, रेगी बैनिस्टर लंबे समय से हेल्थ से परेशानियों से जूझ रहे थे. उनकी पत्नी के मुताबिक, वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना में सेवा करते समय वह ‘एजेंट ऑरेंज’ के संपर्क में आए थे. इसके बाद उन्हें लेवी बॉडी डिमेंशिया और पार्किंसंस जैसी गंभीर बीमारियों हो गई थी.

‘फैंटस्म’ ने बनाया हॉरर आइकन
9 सितंबर 1945 को कैलिफोर्निया के लॉन्ग बीच में जन्मे रेगी बैनिस्टर ने मनोरंजन की दुनिया में चार दशक से ज्यादा समय तक काम किया. उन्होंने कई फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी डॉन कॉस्केरेली की कल्ट हॉरर फ्रैंचाइज़ी ‘फैंटस्म’ से मिली.
इस फिल्म की सीरीज में क्या था किरदार?
इस फिल्म की सीरीज में बैनिस्टर ने ‘रेगी’ नाम का किरदार निभाया था, जो काफी हद तक उनके अपने व्यक्तित्व का ही काल्पनिक रूप था. कहानी में उनका किरदार शुरुआत में एक साधारण आइसक्रीम वेंडर नजर आता है, लेकिन धीरे-धीरे वह शॉटगन चलाने वाले एक्शन हीरो में बदल जाता हैं और खतरनाक विलेन ‘टॉल मैन’ से मुकाबला करता है.

दर्शकों को पसंद था उनका खास अंदाज
रेगी का यह अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि वह ‘फैंटस्म’ सीरीज का अहम हिस्सा बन गए. उन्होंने फ्रैंचाइजी की सभी पांच फिल्मों में काम किया, ‘फैंटस्म’ (1979), ‘फैंटस्म II’ (1988), ‘फैंटस्म III: लॉर्ड ऑफ द डेड’ (1994), ‘फैंटस्म IV: ऑब्लिवियन’ (1998) और ‘फैंटस्म: रैवेजर’ (2016)
40 साल से ज्यादा किया फिल्मों में काम
‘फैंटस्म’ में लगातार काम करने की वजह से बैनिस्टर को मजाकिया अंदाज में ‘हॉरर फिल्मों में सबसे ज्यादा मेहनत करने वाला इंसान’ भी कहा जाने लगा था. हालांकि, उनका करियर सिर्फ इसी फ्रैंचाइज़ी तक सीमित नहीं था.
इन फिल्मों से बनाई पहचान
उन्होंने ‘विशमास्टर’, ‘बुब्बा हो-टेप’, ‘द क्वाइट वन्स’, ‘सॉब्लेड’, ‘प्रिमिटिव’, ‘द ऑब्सीडियन कर्स’ और कई दूसरी फिल्मों में भी काम किया. अभिनय के साथ-साथ उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स में बतौर प्रोड्यूसर भी अपना योगदान दिया.
फैंस दे रहे श्रद्धांजलि
बहरहाल, रेगी बैनिस्टर के निधन से हॉरर सिनेमा ने अपना एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसने दशकों तक पर्दे पर खौफ, एक्शन और मनोरंजन का अनोखा मेल पेश किया.