Georgina Cates Passes Away: ब्रिटिश सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखी कर देने वाली और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. ‘एन ऑफुली बिग एडवेंचर’ (An Awfully Big Adventure) जैसी बेहतरीन फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग का लोहा मनवाने वाली मशहूर ब्रिटिश एक्ट्रेस जॉर्जिना केट्स (Georgina Cates) अब हमारे बीच नहीं रहीं. मात्र 51 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. उनकी अचानक हुई मौत की खबर सामने आते ही उनके फैंस और पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री गहरे सदमे में डूब गई है.
बेटी नाइया उलोरिच ने बयां किया दर्द
जॉर्जिना केट्स का निधन इस साल मई में हुआ था, लेकिन इस दुखद खबर को उनकी बेटी नाइया उलोरिच (Naiia Ulrich) ने हाल ही में सार्वजनिक किया. जून में शेयर किए गए इंस्टाग्राम पोस्ट में नाइया ने लिखा कि उनकी मां ने एक कठिन जिंदगी जी, लेकिन फिर भी वह दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने का रास्ता ढूंढ ही लेती थीं.
निधन की वजह का नहीं हुआ खुलासा
51 वर्षीय एक्ट्रेस के निधन के पीछे क्या वजह रही, इसे लेकर उनके परिवार या मीडिया की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है. उनकी बेटी ने लिखा, “मुझे आपकी क्रिएटिविटी, जिज्ञासा और हर हाल में खुद के प्रति सच्चे रहने की बहादुरी पर गर्व है, अब आप आराम कर सकती हैं.”
ह्यू ग्रांट और एलन रिकमैन संग किया काम
क्लेयर एलेन वुडगेट (Clare Elaine Woodgate) के रूप में जन्मी जॉर्जिना ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शोज से की थी. उन्हें फिल्म ‘एन ऑफुली बिग एडवेंचर’ में ह्यू ग्रांट और एलन रिकमैन के साथ काम करने के लिए जाना जाता है. इसके अलावा उन्होंने जोकिन फीनिक्स के साथ ‘क्ले पिजन्स’ (Clay Pigeons) में भी अहम रोल निभाया था.
एक्टर स्कीट उलोरिच से हुई थी शादी
जॉर्जिना केट्स की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने साल 1997 में हॉलीवुड एक्टर स्कीट उलोरिच (Skeet Ulrich) से शादी की थी. हालांकि, दोनों का यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और साल 2005 में तलाक के साथ दोनों हमेशा के लिए अलग हो गए.
क्लासिक शोज और फिल्मों में बिखेरा जलवा
90 के दशक की शुरुआत में जॉर्जिना ने ‘कैजुअल्टी’, ‘द बिल’ और ‘2point4 चिल्ड्रेन’ जैसे कई हिट टीवी सीरीज में काम किया. इसके बाद साल 1994 में आई फिल्म ‘ओ पेयर’ (Au Pair) से उन्होंने फीचर फिल्मों की दुनिया में अपना धमाकेदार डेब्यू किया था.