हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर टीवी एक्टर रॉबर्ट केल्कर-केली का निधन हो गया है. वह 62 साल के थे. रॉबर्ट को सबसे ज्यादा पहचान NBC के पॉपुलर सोप ओपेरा ‘डेज ऑफ अवर लाइव्ज़’ में बो ब्रैडी के किरदार से मिली थी. उनके निधन की खबर से उनके फैंस और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
कैसे हुई एक्टर की मौत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 अक्टूबर की शाम रॉबर्ट अपने घर में बेहोश मिले थे और उनकी सांसें नहीं चल रहीं थी. आनन-फानन में उन्हें मेडिकल सेवा दी गई, लेकिन सारी कोशिशें नाकामयाब साबित हुईं, उन्हें होश में दोबारा नहीं लाया जा सका. फिलहाल उनकी मौत की वजह सामने नहीं आई है.
कैसे शुरू हुआ था एक्टिंग का सफर?
रॉबर्ट केल्कर-केली का जन्म 18 अप्रैल 1964 को क्लीवलैंड, ओहियो में हुआ था. उनके पिता रॉबर्ट केल्कर फोरेंसिक पैथोलॉजिस्ट थे, जबकि मां जोनेटा केल्कर नर्स थीं. वह विचिटा, कंसास में पले-बढ़े. हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह थिएटर में करियर बनाने के लिए फ्लोरिडा चले गए थे.
इस शो से मिली पहचान
उन्होंने 1987 में टीवी शो ‘अनदर वर्ल्ड’ से एक्टिंग की शुरुआत की. इसमें उन्होंने सैम फाउलर का किरदार निभाया और 1990 तक शो का हिस्सा रहे थे. उनके किरदार को दर्शकों से खूब प्यार मिला था.
बो ब्रैडी बनकर मिली बड़ी पहचान
1992 में रॉबर्ट ने ‘डेज ऑफ अवर लाइव्ज’ में बो ब्रैडी का किरदार निभाना शुरू किया. यह रोल इससे पहले एक्टर पीटर रेकेल निभा चुके थे. रॉबर्ट 1995 तक इस शो से जुड़े रहे.
90 घंटे तक करते थे काम?
इस दौरान उनका काम बेहद बिजी रहता था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हफ्ते में करीब 90 घंटे तक काम करते थे और एक दिन में एक से दो एपिसोड की शूटिंग तक करते थे. साल 2013 में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने इस मुश्किल शेड्यूल के बारे में भी बात की थी.
‘डेज ऑफ अवर लाइव्ज’ के बाद भी किया काम
शो छोड़ने के बाद रॉबर्ट न्यूयॉर्क चले गए. साल 2001 में उन्होंने ‘जनरल हॉस्पिटल’ में स्टावरोस कैसाडाइन का किरदार निभाया. एक्टिंग के अलावा उन्होंने कमर्शियल पायलट का सर्टिफिकेशन भी हासिल किया था और प्राइवेट तौर पर एक्टिंग सिखाते थे.
रॉबर्ट ने एक्ट्रेस मिरियम पैरिश से की थी शादी
रॉबर्ट ने 1997 में एक्ट्रेस मिरियम पैरिश से शादी की थी. दोनों 2013 तक साथ रहे. उसके बाद कपल अलग हो गया. उनके परिवार में बेटी अमेलिया रोज केली भी हैं.
को-स्टार ने लगाए थे गंभीर आरोप
रॉबर्ट की मौत से कुछ महीने पहले उनकी ‘डेज ऑफ अवर लाइव्ज’ को-स्टार लिसा रिना भी चर्चा में थीं. फरवरी में अपनी किताब ‘यू बेटर बिलीव आई एम गोना टॉक अबाउट इट’ में उन्होंने रॉबर्ट पर हॉलीवुड का बड़ा बुली होने का आरोप लगाया था. लिसा ने उन पर इन-डायरेक्ट अग्रेसिव होने और अजीबोगरीब दिमागी खेल खेलने जैसे आरोप लगाए थे. रॉबर्ट ने इन आरोपों पर सार्वजनिक तौर पर कोई रिएक्शन नहीं दिया था.