टीवी के पॉपुलर एक्टर विजयेन्द्र कुमेरिया अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. ‘उड़ान’ फेम एक्टर ने आखिरकार अपनी शादी और पत्नी प्रीति भाटिया से अलग होने की खबरों पर चुप्पी तोड़ दी है. विजयेन्द्र ने कन्फर्म किया है कि वह और प्रीति पिछले चार साल से अलग रह रहे हैं. इसके साथ ही लंबे समय से चल रही उनके रिश्ते को लेकर अटकलों पर विराम लग गया है.
अपने रिश्ते पर क्या बोले विजयेन्द्र?
पिछले कई सालों से दोनों के अलग होने की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा में रहीं हैं, लेकिन इस मामले पर कभी प्रीति ने कुछ न बोलने की बात कही तो कभी विजयेन्द्र बात करने से कतराते नजर आए, अब एक्टर ने खुद पत्नी संग अलग होने की बात कही, जो फैंस के लिए किसी सदमे से कम नहीं है.

कब से अलग रह रहे विजयेन्द्र और प्रीति?
जूम और टेली टॉक इंडिया से बातचीत में विजयेन्द्र कुमेरिया ने बताया कि वह और प्रीति भाटिया करीब चार साल से अलग रह रहे हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि दोनों ने अलग होने का फैसला लेने से पहले बीते एक दशक से ज्यादा वक्त साथ बिताया. विजयेन्द्र और प्रीति एक बेटी के पेरेंट्स भी हैं, उनकी लाडली का नाम किमाया है. जिसका जन्म 2016 में हुआ था.
खबरों में कैसे आया दोनों के अलग होने का मामला?
दरअसल, साल 2023 में पहली बार दोनों की शादीशुदा जिंदगी में परेशानी की खबरें सामने आई थीं. उस समय प्रीति ने एक न्यूज पब्लिकेशन से इस मामले पर बात करने से इनकार कर दिया था. उन्होंने सवाल भी किया था कि आखिर लोग ऐसा क्यों सोच रहे हैं. हालांकि, अब विजयेन्द्र के बयान के बाद दोनों के अलग होने की बात साफ हो गई है.

इंस्टाग्राम पर भी दिखा था बदलाव
अलगाव की खबरों के बीच विजयेन्द्र और प्रीति ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया था. प्रीति विजयेन्द्र के साथ उनके प्रोडक्शन हाउस ‘कुमेरिया प्रोडक्शंस’ से भी जुड़ी रही हैं. हालांकि, अब वह इस प्रोडक्शन हाउस के साथ काम कर रही हैं या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
बेटी के बर्थडे पर शेयर किया था इमोशनल पोस्ट
साल 2024 में बेटी किमाया के जन्मदिन पर प्रीति ने विजयेन्द्र और बेटी के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर की थीं. उन्होंने बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बेहद प्यारा मैसेज भी लिखा था. हालांकि, प्रीति के सोशल मीडिया पर बेटी के साथ कई तस्वीरें हैं, लेकिन विजयेन्द्र के साथ उनकी तस्वीरें बेहद कम नजर आती हैं.

कभी पत्नी को बताया था सपोर्टिव
खास बात यह है कि साल 2021 में विजयेन्द्र ने एक इंटरव्यू में प्रीति को अपनी सपोर्टिव पत्नी बताया था. उन्होंने बताया था कि प्रोडक्शन के काम में उनकी पत्नी और टीम उनका काफी साथ देती हैं. उस वक्त दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक नजर आ रहा था.
वर्कफ्रंट पर एक्टर विजयेन्द्र कुमेरिया
वर्कफ्रंट की बात करें, तो विजयेन्द्र कुमेरिया ‘शास्त्री सिस्टर्स’ , ‘उड़ान’ , ‘नागिन 4’ और ‘दीवानियत’ जैसे शोज का हिस्सा रह चुके हैं. फिलहाल, वह कलर्स टीवी के शो ‘जूही मुई’ में इंस्पेक्टर श्याम सिंह के किरदार में नजर आ रहे हैं. जो किरदार दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है.