टीवी के सबसे पॉपुलर कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बाघा का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता तन्मय वेकारिया इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. तन्मय के पिता और गुजराती सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अरविंद वेकारिया का निधन हो गया है. उनके निधन की खबर सामने आते ही मनोरंजन जगत और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई.
कौन थे अरविंद वेकारिया?
अरविंद वेकारिया गुजराती फिल्म और थिएटर इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम थे. उन्होंने अपने लंबे करियर में कई पॉपुलर नाटकों और फिल्मों में काम किया. ‘यशोदा’ , ‘छनु चमकलो’ और ‘रुपियो नाच नचावे’ जैसे प्रोजेक्ट में उनकी अदाकारी को काफी सराहा गया था. इतना ही नहीं, उन्होंने टीवी की दुनिया में भी अपनी छाप छोड़ी और मशहूर सुपरहीरो शो ‘शक्तिमान’ में भी अभिनय किया था.
अरविंद वेकारिया का TMOC से कनेक्शन
दिलचस्प बात यह है कि अरविंद वेकारिया का कनेक्शन ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से भी रहा. शो के एक एपिसोड में उन्होंने जौहरी का किरदार निभाया था. उस कहानी में भिड़े आर्थिक परेशानी के चलते गहने गिरवी रखने जाते हैं और वहीं अरविंद वेकारिया स्क्रीन पर नजर आए थे. इस तरह पिता और बेटे दोनों एक ही शो का हिस्सा बन चुके थे.
8 महीने पहले मां को खोया था
तन्मय वेकारिया के लिए यह दुख इसलिए भी ज्यादा बड़ा है क्योंकि उन्होंने कुछ ही महीने पहले अपनी मां को खोया था. अक्टूबर 2025 में उनकी मां का निधन हुआ था. हाल ही में तन्मय ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी मां ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की बड़ी फैंस थीं और बाघा का हर एपिसोड बड़े उत्साह के साथ देखा करती थीं.
क्यों रोकनी पड़ी शूटिंग?
कुछ दिन पहले ही शो की शूटिंग के दौरान तन्मय अपनी मां को याद करके भावुक हो गए थे. बताया जाता है कि वह इतने भावुक हो गए कि शूटिंग कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी. उस दौरान शो के निर्माता असित कुमार मोदी और अन्य कलाकारों ने उन्हें संभाला था.
फैंस दे रहे श्रद्धांजलि
अब पिता के निधन की खबर ने तन्मय और उनके परिवार को एक और बड़ा झटका दिया है. फैंस और मनोरंजन जगत के कई कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. तन्मय वेकारिया के लिए यह समय बेहद कठिन है, लेकिन उनके चाहने वाले इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं.