Entertainment News Live: आमिर खान के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान खान इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ से ज्यादा कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में हैं. मुंबई पुलिस ने उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस दिया है. पुलिस के इस निर्देश के बाद इमरान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. इसी बीच एक्टर की एक फैमिली फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं. इस तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींच लिया है.
गर्लफ्रेंड लेखा और कजिन के साथ दिखे इमरान
इमरान खान की कजिन जायन मैरी खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है. इस फोटो में इमरान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और जायन के साथ नजर आ रहे हैं. तीनों एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दे रहे हैं. जहां इमरान की पर्सनल लाइफ अक्सर सुर्खियों में रहती है, वहीं इस बार उनकी यह फैमिली फोटो ऐसे समय सामने आई है, जब एक्टर को लेकर कानूनी विवाद चर्चा में है.
लंबे समय से रिश्ते में हैं इमरान-लेखा
इमरान और लेखा वॉशिंगटन लंबे समय से अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. अब इस तस्वीर के सामने आने के बाद एक बार फिर दोनों की चर्चा होने लगी है.
इमरान खान को क्यों मिला ‘लीव इंडिया’ नोटिस?
दरअसल, इमरान खान ने 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. इस प्रदर्शन में उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान भी मौजूद थीं. यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी.
एक्टर ने शेयर की थी तस्वीर
प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान को हिरासत में ले लिया था. हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. इस दौरान एक्टर ने पुलिस वैन के अंदर की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी. इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था, ‘शायद मैं ड्राइव पर जा रहा हूं.’
किस देश की है इमरान के पास नागरिकता?
इमरान खान को मुंबई पुलिस की ओर से 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है. दरअसल, इमरान का जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था और उनके पास अमेरिकी नागरिकता है. भारत में रहने और काम करने के लिए वह ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड का इस्तेमाल करते हैं.
बॉम्बे हाई कोर्ट जाएंगे इमरान खान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान पुलिस के इस निर्देश को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए वह अपने वकील जुल्फिकार मेमन के जरिए याचिका दायर कर सकते हैं.
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
अजय देवगन और जयदीप अहलावत की फिल्म ‘दृश्यम 3’ पिछले 2 हफ्तों से सिनेमाघरों और बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. आज इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए 14 दिन हो गए हैं. Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसमें 13वें दिन के मुकाबले 19.0 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. फिल्म ने भारत में अब तक 333 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 399 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘जेलर 2’ पूरे भारत के सिनेमाघरों में 15 अक्टूबर को रिलीज हो चुकी है. इसी के साथ आज इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए पूरा एक दिन हो गया है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, रजनीकांत और ऋतिक रोशन की फिल्म ‘जेलर 2’ ने पहले दिन ही 59.70 करोड़ रुपये की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग की है. फिल्म ने तमिल में 43.35 करोड़ रुपये, तेलुगु में 12.50 करोड़ रुपये, हिंदी में 3.50 करोड़ रुपये और कन्नड़ में 35 लाख रुपये की कमाई की है. वहीं, पहले दिन फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 70.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.