Kiran Rao Breaks Silence on Imran Khan India Leave Notice: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान इन दिनों उनको मिले भारत छोड़ने के नोटिस की वजह से सुर्खियों में हैं. जब से मुंबई के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है, तब से कई बॉलीवुड हस्तियों ने सामने आकर इमरान खान का समर्थन किया है. अब इस मामले में इमरान खान की एक्स मामी और फिल्ममेकर किरण राव का भी बयान सामने आया है. किरण राव ने इमरान खान का खुलकर समर्थन किया और मुंबई पुलिस के इस एक्शन की कड़े शब्दों में निंदा की। चलिए जानते हैं कि उन्होंने इस मामले पर क्या कुछ कहा है.
एक्स मामी ने तोड़ी चुप्पी
किरण राव ने इस मामले में अपने एक्स पति आमिर खान के भांजे इमरान खान का समर्थन किया है. किरण ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए इमरान खान को अपना सपोर्ट दिया है. इस पोस्ट में बताया गया था कि इमरान खान एक अमेरिकी पासपोर्ट और प्रवासी नागरिक (OCI) कार्ड धारक हैं. इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के बाद उन्हें भारत छोड़ने के लिए नोटिस जारी किया गया है.

वाह, मुंबई पुलिस…
इस इंस्टाग्राम पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए किरण राव ने हैरानी जताते हुए लिखा, ‘वाह, अब मुंबई पुलिस भी? वो 43 साल के हो गए हैं. इनमें से 40 साल भारत में बिताए हैं। यहीं पढ़ाई की, यहीं काम किया, यहीं सफल हुए, यहीं असफल हुए, यहीं प्यार किया और यहीं संघर्ष किया.’ किरण के साथ-साथ एक्ट्रेस सबा आजाद ने भी इस नोटिस के खिलाफ आवाज उठाई है. ऋतिक रोशन के साथ रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में रहने वाली सबा आजाद ने भी इस पर रिएक्ट किया है और लिखा, ‘क्या? यह सब बकवास है.’
क्या है विवाद?
यह विवाद 10 अक्टूबर से शुरू हुआ, जब इमरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक प्रदर्शन में पहुंचे. इस प्रदर्शन के दौरान इमरान और उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया था. गिरफ्तारी के बाद, इमरान ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह पुलिस वैन में बैठे दिखाई दे रहे थे. इस फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं. मेरी कोई मांग नहीं है. मैं यहां एक नागरिक और इस शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के रूप में आया हूं. मैं यहां यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजों को क्यों दबाया जा रहा है.’