Cocktail 2 Box Office Collection Day 7: बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का तूफानी प्रदर्शन लगातार जारी है. सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता पूरा कर चुकी इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ने कमाई के मामले में कई बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं. दर्शकों से मिल रहे भरपूर प्यार की बदौलत इस फिल्म ने न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कलेक्शन करके सबको चौंका दिया है. इस फिल्म में पहले हफ्ते इतना जबरदस्त कलेक्शन किया है कि 15 फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. आइए जानते हैं फिल्म का पहले हफ्ते का कलेक्शन…
सातवें दिन की कुल कमाई
रिलीज के 7वें दिन यानी गुरुवार को कामकाजी दिन होने की वजह से फिल्म की कमाई में थोड़ी सी गिरावट देखी गई है. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब ₹4.15 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इस कलेक्शन को मिलाकर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले हफ्ते का सफर बहुत ही शानदार तरीके से पूरा कर लिया है.
पार किया 70 करोड़ का आंकड़ा
पहले सात दिनों की धमाकेदार परफॉर्मेंस के बाद ‘कॉकटेल 2’ का कुल भारतीय नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब ₹70.40 करोड़ के पार पहुंच चुका है. वहीं अगर भारत में इसके ग्रॉस कलेक्शन की बात करें, तो वह करीब ₹83.95 करोड़ रहा है. फिल्म ने पहले ही दिन से बॉक्स ऑफिस पर जो मजबूत पकड़ बनाई थी, उसका फायदा इसे पूरे हफ्ते मिला है.
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर धमाल
घरेलू मार्केट के साथ-साथ विदेशों (ओवरसीज) में भी इस फिल्म को दर्शकों का कड़क रिस्पांस मिल रहा है. फिल्म ने ओवरसीज से अब तक करीब ₹25.00 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया है. भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘कॉकटेल 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब तक कुल ₹108.95 करोड़ के जादुई आंकड़े को पार कर चुका है.
15 फिल्मों को पछाड़ा
साल 2012 में आई सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘कॉकटेल’ के मुकाबले इसका दूसरा पार्ट कहीं आगे निकल गया है. जहां पहले पार्ट का पहले हफ्ते का कुल नेट कलेक्शन ₹53.18 करोड़ था, वहीं ‘कॉकटेल 2’ ने सात दिनों में ही ₹70.40 करोड़ कमा लिए हैं. इसके साथ ही इसने 15 फिल्मों को पहले हफ्ते की कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है. इसमें गंगुबाई काठियावाड़ी (68.93 करोड़ रुपये), ड्रीम गर्ल 2 (67 करोड़ रुपये), फुकरे 3 (66.02 करोड़ रुपये), जाट (62.24 करोड़ रुपये), भोला (54.80 करोड़ रुपये), कॉकटेल (53.18 करोड़ रुपये), सत्यप्रेम की कथा (51.60 करोड़ रुपये), देवरा: पार्ट 1 (48.27 करोड़ रुपये), दे दे प्यार दे 2 (47.75 करोड़ रुपये), क्रू (47.54 करोड़ रुपये), केसरी चैप्टर 2 (46.54 करोड़ रुपये), बडे मियां छोटे मियां (46.17 करोड़ रुपये), भूल चूक माफ (45.41 करोड़ रुपये), बैड न्यूज (44.12 करोड़ रुपये) और तेरी बातों में ऐसा उल्झा जिया (41.97 करोड़ रुपये) शामिल हैं.
फिल्म बनेगी बड़ी हिट?
वर्ल्डवाइड मार्केट में ₹108.95 करोड़ का कारोबार करने के बाद यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि यह फिल्म अपने दूसरे वीकेंड पर भी सिनेमाघरों में ऐसी ही मजबूत पकड़ बनाए रखती है, तो यह बहुत जल्द केवल भारत में ही ₹100 करोड़ नेट का आंकड़ा छू लेगी.