Ramayana: रणबीर कपूर स्टारर और नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही भव्य फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही नए-नए रिकॉर्ड्स बनाने में जुटी है. 4000 करोड़ रुपये के विशाल बजट से बन रही इस फिल्म ने सिनेमाघरों में आने से पहले ही करोड़ों की बंपर कमाई कर ली है. खबर है कि इस फिल्म के म्यूजिक राइट्स बॉलीवुड इतिहास की सबसे भारी-भरकम कीमत पर बिके हैं. म्यूजिक कंपनियों के बीच हुई इस जंग ने इंडस्ट्री के पुराने सारे रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिए हैं. आइए जानते हैं फिल्म ने रिलीज से पहले ही कितने करोड़ रुपये बटोर लिए हैं…
75 करोड़ की रिकॉर्ड डील
निर्माता नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) के म्यूजिक राइट्स को ‘टी-सीरीज’ (T-Series) ने 75 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीद लिया है. यह बॉलीवुड इतिहास में किसी भी हिंदी फिल्म के गानों के लिए दी गई अब तक की सबसे बड़ी रकम है.
दो कंपनियों में तगड़ी जंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, म्यूजिक राइट्स के लिए सोनी म्यूजिक और टी-सीरीज के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिली. सोनी म्यूजिक ने 70 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, लेकिन टी-सीरीज ने 75 करोड़ रुपये की बोली लगाकर यह ऐतिहासिक डील अपने नाम कर ली.
‘धुरंधर; फिल्म का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी म्यूजिक डील फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के नाम थी, जिसके अधिकार 54 करोड़ रुपये में बिके थे. अब ‘रामायण’ ने 75 करोड़ रुपये की कमाई करके इस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया है.
रहमान और हांस जिमर की जोड़ी
फिल्म ‘रामायण’ के गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज म्यूजिक कंपोजर हांस जिमर की जोड़ी संभाल रही है. दोनों के एक साथ आने से फिल्म के गानों को लेकर जबर्दस्त हाइप है.
सोनी पिक्चर्स संग ग्लोबल पार्टनरशिप
फिल्म को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने के लिए मेकर्स ने हॉलीवुड की मशहूर कंपनी सोनी पिक्चर्स के साथ हाथ मिलाया है. फिल्म का ट्रेलर हॉलीवुड की आने वाली बड़ी फिल्म ‘स्पाइडरमैन’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा.