Ramayana Box Office Collection Day 20: नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कब्जा जमाए बैठी है. आज फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने 20 दिन पूरे कर लिए हैं. रिलीज होने के बाद से ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है. हालांकि, 19वें दिन फिल्म की कमाई में मामूली गिरावट देखी गई, लेकिन 20वें दिन के कलेक्शन ने उस नुकसान की भरपाई कर दी. इसके साथ ही फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. चलिए जानते हैं कि रणबीर और साई की फिल्म ‘रामायण’ ने अब तक कुल कितनी कमाई की है.
‘रामायण’ की कमाई में आया उछाल
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, नमित मल्हौत्रा की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ ने 20वें दिन 17.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जिसमें 19वें दिन की कमाई की तुलना में 37.8 प्रतिशत का उछाल आया है. इसी के साथ फिल्म ने भारत में अब तक 972.95 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इसी के साथ यह फिल्म 1000 करोड़ के बेहद करीब पहुंच गई है. हालांकि, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,162.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. मंगलवार को फिल्म ने हिंदी में 14.25 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 90 लाख रुपये, तेलुगु में 40 लाख रुपये, तमिल में 70 लाख रुपये और मलयालम में 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की है. अगर फिल्म इसी तरह कमाई करती रही तो जल्द ही 1000 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लेगी.
फिल्म की ऑक्यूपेंसी
फिल्म ‘रामायण’ की थिएटर ऑक्यूपेंसी 20वें दिन पटरी पर लौटती दिखाई दी है. तीसरे मंगलवार को पूरे देश में फिल्म के 15,817 शो चलाए गए, जिनकी कुल ऑक्यूपेंसी 37.8 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, 20वें दिन सुबह के शो में 24.77 प्रतिशत, दोपहर के शो में 42.46 प्रतिशत, शाम के शो में 40.46 प्रतिशत और रात के शो में 35.23 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ वर्ल्डवाइड भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘रामायण’ ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1,735.15 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. इसी के साथ अब इस फिल्म ने 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.