Hanuman Ansh Box Office Collection Day 27: सिनेमाघरों में नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का बोलबाला है, जिसका असर बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर भी साफ दिखाई दे रहा है. फिल्म को रिलीज हुए आज पूरे 27 दिन हो गए हैं और अब भी इसकी कमाई लगातार बढ़ रही है. पहले दो हफ्तों में सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर स्लीपर हिट बन चुकी है. फिल्म ने भारत में 60 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. 27वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ ने शानदार कलेक्शन किया है. चलिए आपको बताते हैं कि फिल्म ने अब तक कुल कितनी कमाई की है.
60 करोड़ का आंकड़ा पार
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन महज 10 लाख रुपये का कलेक्शन करने वाली शोभिनव सत्या की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने 27वें दिन 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो 26वें दिन के कलेक्शन के मुकाबले 14.7 प्रतिशत कम है. इसी के साथ फिल्म ने भारत में अब तक 61.38 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 72 करोड़ रुपये हो गया है. 27वें दिन फिल्म के 7,037 शो रहे और कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 29.0 प्रतिशत रही। इसमें सुबह के शो में 11.62 प्रतिशत, दोपहर के शो में 23.23 प्रतिशत, शाम के शो में 27.46 प्रतिशत और रात के शो में 43.46 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ भारत के साथ-साथ दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में अब तक 72 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. फिल्म में शोभिनव सत्या, विहान शेडगे, चंदन के आनंद और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आए हैं. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘हनुमान अंश’ साल 2026 की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट फिल्मों में से एक बन गई है.