बॉलीवुड की बेबो इस बार अपने टॉक शो ‘व्हाट विमेन वांट’ में शाहिद कपूर की वाइफ मीरा राजपूत के साथ गपशप लड़ाती नजर आ रही हैं. शो के नए प्रोमो में दोनों के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है. इस दौरान करीना ने मीरा से तीसरे बच्चे को लेकर ऐसा सवाल पूछा, जिसका जवाब सुनकर आप भी हंस पड़ेंगे.
करीना ने मीरा से पूछा तीसरे बच्चे का सवाल
दरअसल, 29 अक्टूबर को सामने आए शो के प्रोमो में करीना कपूर और मीरा राजपूत एक साथ सोफे पर बैठकर बातचीत करती नजर आती हैं. करीना मीरा से पूछती हैं कि उन्होंने अपने बारे में सबसे अजीब अफवाह कौन सी सुनी है? इस सवाल पर मीरा ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरे बच्चे को लेकर अफवाह सुनी है कि वह एक और बच्चे को जन्म देने वाली हैं.
बच्चे के सवाल पर मीरा का जवाब
मीरा की बात सुनकर करीना उन्हें छेड़ते हुए कहती हैं, ‘हो सकता है…’ लेकिन मीरा ने तुरंत जवाब दिया, ‘बिल्कुल नहीं, हमारा परिवार पूरा हो चुका है.’ मीरा का यह जवाब सुनकर साफ हो गया कि फिलहाल वह तीसरे बच्चे की प्लानिंग नहीं कर रही हैं.
करीना को बताया बॉलीवुड स्टार
शो में बातचीत के दौरान मीरा राजपूत ने करीना कपूर की तारीफ भी की. उन्होंने करीना को बॉलीवुड स्टार कहा. इस पर करीना ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए खुद को ‘वॉनाबी बॉलीवुड वाइफ’ बताया. दोनों की यह बातचीत काफी हल्की-फुल्की और मजेदार नजर आ रही है.
मीरा ने कपल्स को दी रिश्ते की सलाह
मीरा ने बातचीत के दौरान रिश्तों को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने बताया कि उनकी कई सहेलियां उनसे शिकायत करती हैं कि उनके पति चीजें दिलाने का वादा तो करते हैं, लेकिन उसे पूरा नहीं करते. इस समस्या का हल बताते हुए मीरा ने सुझाव दिया कि कपल्स को हर साल की शुरुआत में अपनी इच्छाओं की एक लिस्ट बना लेनी चाहिए. इससे दोनों को एक-दूसरे की उम्मीदों को समझने में मदद मिल सकती है. करीना को मीरा की यह सलाह पसंद आई और उन्होंने कहा कि वह इसे जरूर अपनाएंगी.
करीना और शाहिद की पुरानी लव स्टोरी
बता दें, कि करीना कपूर और शाहिद कपूर ने साल 2004 से 2007 के बीच एक-दूसरे को डेट किया था. बाद में दोनों की राहें अलग हो गईं. शाहिद ने साल 2015 में मीरा राजपूत से शादी की, जबकि करीना साल 2012 में सैफ अली खान के साथ शादी के बंधन में बंधीं थी.
फैंस को टॉक शो का इंतजार
करीना और सैफ के दो बेटे तैमूर और जहांगीर हैं. वहीं, शाहिद और मीरा की एक बेटी मीशा और एक बेटा जैन है. अब करीना और मीरा को एक साथ बातचीत करते देखना फैंस के लिए दिलचस्प होने वाला है.