Pawan Singh and Wife Jyoti Singh Row: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. इस बार भी पवन सिंह अपने पारिवारिक विवाद की वजह से चर्चा में बने हुए हैं. दरअसल, पवन सिंह को कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पेश न होने के लिए फटकार लगाई है. साथ ही, उन पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया है. बिहार में भाजपा एमएलसी पवन सिंह के खिलाफ ये कानूनी कार्रवाई उनकी पत्नी ज्योति सिंह द्वारा दायर भरण-पोषण मामले में हुई है. वहीं, इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ज्योति सिंह का बयान भी सामने आया है, जो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. चलिए, आपको ये पूरा माजरा समझाते हैं.
फैमिली कोर्ट में थी सुनवाई
फैमिली कोर्ट में शनिवार को पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के विवाद और भरण-पोषण मामले की सुनवाई थी, जिसमें पवन सिंह पेश नहीं हुए. इसके बाद कोर्ट ने उन पर जुर्माना लगाया. इस बात की जानकारी खुद एक्टर के वकील ने दी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अपडेट के अनुसार, पवन सिंह के वकील हरिवंश सिंह ने बताया कि फैमिली कोर्ट में ये सुनवाई एडिशनल चीफ जस्टिस कमलापति प्रजापति के समक्ष निर्धारित थी.
3,000 रुपये का जुर्माना
वकील हरिवंश सिंह ने बताया कि पवन सिंह अदालत में पेश नहीं हो सके, क्योंकि उनकी मां प्रतिमा देवी की तबीयत ठीक नहीं थी. वकील ने बताया कि उनकी तरफ से डॉक्टर द्वारा जारी की गई मेडिकल रिपोर्ट और मीडिएशन के लिए एक आवेदन अदालत में जमा किया गया था. इसके बाद कोर्ट ने पवन सिंह पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया और अगली सुनवाई की तारीख 12 नवंबर तय की है.
मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई…
वहीं, पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह अपने वकील के साथ कोर्ट में पेश हुई थीं. इस मामले को लेकर ज्योति सिंह ने अपने पति पवन सिंह पर न्यायिक प्रक्रिया का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है. ज्योति सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘यह मामला चार साल पहले दर्ज किया गया था. सब्र की भी एक सीमा होती है। मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई है.’ बता दें कि ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल, 2022 को फैमिली कोर्ट में अपनी भरण-पोषण याचिका दायर की थी. ज्योति सिंह और पवन सिंह का विवाह 6 मार्च, 2018 को हुआ था.